चारमीनार के पास लगी भीषण आग में जिंदा जले 17 लोग, PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Summary :

चारमीनार अग्निकांड: पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा

चारमीनार के पास हुई आग की घटना में 17 लोगों की मौत पर पीएम मोदी ने संवेदना जताई और राहत राशि की घोषणा की। घटना स्थल पर दमकलकर्मियों ने बचाव कार्य किया। केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने भी दुख व्यक्त किया और भविष्य में सुरक्षा उपायों की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद के चारमीनार में भीषण आग हादसे में झुलसे लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पीएम मोदी ने पीएमएनआरएफ से मृतकों और पीड़ितों के लिए सहायता राशि का ऐलान किया है।

पीएम मोदी के आधिकारिक एक्स हैंडल से मुआवजे का ऐलान किया गया है। लिखा गया- आग की घटना में लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना जाहिर करता हूं। घायलों/झुलसे लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक परिजनों को 2 लाख रुपये की राशि दी जाएगी, वहीं घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, हैदराबाद में रविवार को एक इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। यह घटना ऐतिहासिक इमारत चारमीनार के पास गुलजार हाउस की है। घटना की सूचना मिलने पर दमकलकर्मियों ने व्यावसायिक क्षेत्र की भीड़भाड़ वाली गली में फंसे कुछ लोगों को बचाया।

परिसर में फैले घने धुएं के कारण कुछ लोग बेहोश हो गए। यहां मोती व्यापारी और उसके कर्मचारियों के परिवार के करीब 30 लोग मौजूद थे। मोती व्यापारी की दुकान मोदी पर्ल्स के ग्राउंड फ्लोर पर थी, जबकि उसका परिवार और कुछ कर्मचारियों के परिवार पहली मंजिल पर रहते थे। आग बुझाने के लिए आठ दमकल गाड़ियों को लगाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं।

घटनास्थल का दौरा करने के बाद केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “हैदराबाद के चारमीनार के पास गुलजार हाउस में दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। बचाव और राहत कार्यों के बारे में स्थिति को संभालने वाले वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की और उनसे तत्काल चिकित्सा सहायता और मदद प्रदान करने का आग्रह किया। भारत सरकार आवश्यक सहायता और सहयोग प्रदान करेगी। मैं राज्य सरकार से अनुरोध करता हूं कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए इमारतों की अग्नि सुरक्षा ऑडिट सहित सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।“

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को आग में फंसे लोगों को बचाने के लिए सभी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, मुख्यमंत्री पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के संपर्क में हैं।

हैदराबाद के चारमिनार इलाके में बड़ा हादसा, इमारत में भीषण आग लगने से 8 की मौत, कई घायल

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.