भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 24,712 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1,01,23,778 हो गई है और इनमें से स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 96.93 लाख हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार सुबह आठ बजे तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के कारण 312 लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,46,756 हो गई है।
देश में संक्रमणमुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 96,93,173 हो गई है, यानी संक्रमित होने के बाद लोगों के स्वस्थ होने की दर 95.75 प्रतिशत है, जबकि मृत्युदर 1.45 प्रतिशत है। कोविड-19 से संक्रमित उपचाराधीन लोगों की संख्या लगातार तीसरे दिन तीन लाख से नीचे रही। आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 2,83,849 लोगों का उपचार चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.80 प्रतिशत है।
भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या 7 अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख, 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को 1 करोड़ से अधिक हो गई थी। भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 23 दिसंबर तक कुल 16,53,08,366 नमूनों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 10,39,645 नमूनों की जांच बुधवार को की गई।


Download Android App
Download iOS App



