16 जनवरी को देशभर में कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू होगा। इसके पहले दिन पहले दिन करीब तीन लाख स्वास्थ्य कर्मियों को 2,934 केंद्रों पर टीके लगाए जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। प्रत्येक टीकाकरण सत्र में अधिकतम 100 लाभार्थी होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से कहा है कि वे ‘प्रत्येक स्थल पर ज्यादा संख्या में टीकाकरण न करें।’’
मंत्रालय ने बुधवार को बताया, ‘‘ राज्यों को सलाह दी गई है कि वे 10 फीसदी आरक्षित/बर्बाद खुराकों और रोजाना प्रत्येक सत्र में औसतन 100 टीकाकरण को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण सत्रों का आयोजन करें। इसलिए राज्यों को सलाह दी जाती है कि प्रत्येक टीका केंद्र पर हड़बड़ी में तय सीमा से ज्यादा संख्या में लोगों को न बुलाएं।’’
वहीं मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को टीकाकरण सत्र स्थलों को बढ़ाने की सलाह दी है और उनके रोजाना संचालन की बात कही है ताकि टीकाकरण प्रक्रिया स्थिर हो सके और आगे सुचारू रूप से बढ़ सके। सूत्र ने बताया, ‘‘ अग्रिम मोर्चे के करीब तीन लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण के पहले दिन 16 जनवरी को 2,934 केंद्रों पर टीके लगाए जाएंगे।’’ स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोविड-19 का टीका लेना अपनी इच्छा पर निर्भर है।


Download Android App
Download iOS App



