मनरेगा के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड प्रवासियों के लिए एक बड़ा तोहफा : जेपी नड्डा

Summary :

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को कहा कि मनरेगा के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन घर लौट रहे प्रवासी परिवारों को पर्याप्त काम और आय के अवसर उपलब्ध कराएगा।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को कहा कि मनरेगा के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन घर लौट रहे प्रवासी परिवारों को पर्याप्त काम और आय के अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इस संबंध में ‘‘चिंता तथा समय पर उठाए गए कदम’’ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। 
नड्डा ने अपने ट्वीट में कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सार्वजनिक व्यय में वृद्धि, स्वास्थ्य अवसंरचना की मजबूती के कार्य में निवेश, सभी जिलों में संक्रामक रोग के लिए अलग वार्ड बनाने और खंड स्तर पर एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाएं स्थापित करने से स्वास्थ्य चुनौतियों तथा भविष्य की आवश्यकताओं से निपटने के लिए क्षमता में वृद्धि होगी। 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की पांचवीं और अंतिम किस्त की घोषणा किए जाने के बाद नड्डा की यह प्रतिक्रिया आई। 
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से प्रभावित अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा की थी। 
नड्डा ने कहा, ‘‘वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी ने आज मनरेगा के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त आवंटन की घोषणा की है। मैं घर लौट रहे प्रवासी परिवारों को पर्याप्त काम और आय के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनकी चिंता तथा समय पर कदम उठाने के लिए बधाई देता हूं।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘वित्त मंत्री द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम के लिए आज घोषित नयी नीति सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की रणनीतिक क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगी तथा उन्हें अधिक सक्षम बनाएगी और व्यापक क्षेत्र निवेश तथा विभिन्न क्षेत्रों में वृद्धि के लिए पूर्ण क्षमता का अहसास कराने में हमारी मदद करेगी। यह हमारी अर्थव्यवस्था को व्यापक मजबूती देगी।’’ 

Ujjwal Jain