देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी से संक्रमितों का आंकड़ा बुधवार तक 67 लाख के पार पहुंच गया लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट दर्ज की गयी है जो 9.07 लाख पर आ गयी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 72,049 नये मामले सामने आए जिससे संक्रमितों की संख्या 67,57,132 हो गयी है।
इस दौरान 986 और मरीजों की मौत होने से मृतकाें की संख्या 1,04,555 हो गयी। राहत की बात यह है कि देश में नये मामलों की तुलना में कोरोना की महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। देश में रोग मुक्त लोगों की संख्या 57,44,694 हो गयी है। देश में कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी आने और स्वस्थ मरीजों में तुलनात्मक वृद्धि के कारण सक्रिय मामले 9,07,883 रह गये।
महाराष्ट्र 2,47,023 सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है। कर्नाटक एक लाख से अधिक 1,15,151 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि केरल 87,738 सक्रिय मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में संक्रमण के 12,258 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,65,911 पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गयी जिसके कारण सक्रिय मामलों में कमी आयी है।
सक्रिय मामलों की संख्या 5,254 और घटकर 2,47,023 रह गयी। इस दौरान 17,141 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 11,79,726 हो गयी है तथा 370 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 38,717 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 80.47 फीसदी पहुंच गयी है जबकि मृत्यु दर महज 2.64 प्रतिशत है।


Download Android App
Download iOS App



