नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मुद्रा योजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत किए जाने के बाद कांग्रेस ने आज दावा किया कि इस योजना के 91 फीसदी लाभार्थियों को सिर्फ 23 हजार रुपये मिले। पार्टी ने सवाल किया कि इतनी कम राशि में कोई क्या व्यवसाय शुरू कर सकता है? मुद्रा ऋण के लाभार्थियों के साथ एक बातचीत में मोदी ने कहा, ‘‘इन 12 करोड़ लाभार्थियों में से करीब 28 प्रतिशत यानी 3.25 करोड़ लोग पहली बार उद्यम शुरु करने वाले लोग हैं।’’ कांग्रेस प्रवक्ता टॉम वड़क्कन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘91 फीसदी लोगों को सिर्फ 23 हजार रुपये मिले हैं। बताइए, इसमें क्या होगा? इतने में क्या निवेश कर सकते हैं और क्या कोई व्यवसाय शुरु हो सकता है?’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री फोटो खिंचवाने का अवसर, खबरों की सुर्खियों के लिए इन योजनाओं का दुरुपयोग करते हैं। आप देखें कि अभी दिल्ली में एक राजमार्ग का उद्घाटन हुआ। यह उद्घाटन क्यों हुआ? दरअसल, उच्चतम न्यायालय ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री के पास वक्त नहीं है तो उसको जनता के लिए उपयोग के लिए खुला घोषित कर दिया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने दिल्ली से मेरठ तक उन्होंने केवल 9 किलोमीटर तक का राजमार्ग जनता के लिए खोला है।’’ केरल में एक दलित युवक की हत्या के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में वड़क्कन ने कहा, ‘‘ इस प्रकार की घटना केरल में पहली बार हमने देखी है। ये झूठी शान की खातिर हत्या का मामला बताया जा रहा है और ऐसा कुछ हमने केरल और दक्षिण भारत में अभी तक सुना नहीं था। अगर ऐसा हुआ है तो हम इसकी निंदा करते हैं और चाहते हैं कि वहाँ की सरकार इस मामले में तत्काल कार्रवाई करे।’’ केरल के कोट्टायम में एक ईसाई युवक की हत्या कर दी गयी। सन्देह है कि इस युवक की मंगेतर के परिजनों ने कथित तौर पर झूठी शान की खातिर यह हत्या करवाई।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



