Aaj Ka Mausam 12 Nov: दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण, यूपी में गिरा पारा, जम्मू कश्मीर में बारिश के साथ बर्फबारी; जानें ताजा वेदर अपडेट

Summary :

देशभर से मानसून की विदाई के बाद भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज (12 नवंबर) उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और पश्चिम बंगाल में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देशभर से मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 12 नवंबर को उत्तराखंड हिमाचल, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज कश्मीर घाटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र की वजह से दक्षिण और पूर्वी भारत में भी बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। राष्ट्रीय राजधानी की बात करें, तो यहां प्रदूषण ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।

दिल्ली में प्रदूषण की मार

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। नवंबर का महीना आधा बीत चुका है और हल्की ठंड अब महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (12 नवंबर) को हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। ठंड के साथ प्रदूषण ने समस्या बढ़ा रखी है। सुबह-सुबह पूरा एनसीआर धुंध की मोटी चादर में लिपटा हुआ देखा जा सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 314 से 319 के बीच दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने से ठंड तेजी से बढ़ रही है। लखनऊ, बरेली और बहराइच जैसे शहरों में रात का तापमान 16 से 17 डिग्री तक पहुंच गया है। सुबह-शाम में ठंड और धुंध छाई रहती है और दिन में तेज धूप निकलती है। इस बदलते मौसम की वजह से लोग बीमार भी पड़ने लगे हैं। प्रदेश में आज आसमान मुख्य रूप से साफ़ रहेगा, हालांकि बारिश की अभी कोई चेतावनी नहीं है।

जम्मू कश्मीर में बर्फबारी

जम्मू कश्मीर में अब मौसम बदलने वाला है, पहाड़ों पर अब सफेद चादर छाने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। खासकर 12 और 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कई हिस्सों में बारिश के पूरे आसार हैं। वहीं, 12 नवंबर को तो कश्मीर घाटी में भारी बारिश के साथ बर्फ की सफेद चादर बिछने और कई जगहों पर झमाझम ओलावृष्टि होने की भी पूरी संभावना है।

11 नवंबर को प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम तापमान (12 नवंबर) न्यूनतम तापमान (12 नवंबर)
दिल्ली (Delhi) 30°C 17°C
जयपुर (Jaipur) 31°C 18°C
चेन्नई (Chennai) 31°C 25°C
शिमला (Shimla) 19°C 09°C
मुंबई (Mumbai) 34°C 24°C
भोपाल (Bhopal) 28°C 16°C
कोलकाता (Kolkata) 30°C 21°C
नैनीताल (Nainital) 19°C 11°C
पटना (Patna) 28°C 18°C
लखनऊ (Lucknow) 30°C 18°C
रांची (Ranchi) 26°C 18°C

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।