आखिर क्यों मनाया जाता है परिवहन दिवस? जानिए इसका इतिहास और महत्व

Summary :

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। आज के समय में कहीं आना-जाना हो तो हमारे पास कई विकल्प मौजूद हैं। कुछ ही घंटों में सड़क या रेल के जरिए लंबी दूरी तय की जा सकती है। वहीं हवाई जहाज ने तो दूरदराज के सफर को भी बेहद आसान बना दिया है। सामान पहुंचाने से लेकर लोगों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने तक परिवहन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। इसी परिवहन के महत्व, विकास और सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 10 नवंबर को भारत में परिवहन दिवस मनाया जाता है।…

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। आज के समय में कहीं आना-जाना हो तो हमारे पास कई विकल्प मौजूद हैं। कुछ ही घंटों में सड़क या रेल के जरिए लंबी दूरी तय की जा सकती है। वहीं हवाई जहाज ने तो दूरदराज के सफर को भी बेहद आसान बना दिया है। सामान पहुंचाने से लेकर लोगों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने तक परिवहन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। इसी परिवहन के महत्व, विकास और सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 10 नवंबर को भारत में परिवहन दिवस मनाया जाता है।

परिवहन दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को परिवहन के महत्व के बारे में बताना और इस क्षेत्र में हो रहे विकास के प्रति जागरूक करना है। इस दिन सड़क, रेल, वायु और जल परिवहन के विस्तार के साथ-साथ नई तकनीकों और सुविधाओं पर भी चर्चा की जाती है।

इसके अलावा लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रेरित किया जाता है। अक्सर लोग जल्दबाजी में ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका खामियाजा उन्हें सड़क हादसों के रूप में भुगतना पड़ता है। ऐसे में यह दिन सुरक्षित सफर की अहमियत समझाने का भी एक मौका है।

भारत जैसे देश में परिवहन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। यहां सड़क, रेल, हवाई और जल परिवहन के जरिए हर दिन करोड़ों लोग सफर करते हैं। सड़क परिवहन सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला साधन है। बस, कार, बाइक और ट्रक के जरिए लोग न सिर्फ अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं, बल्कि जरूरी सामान भी एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जाता है।

वहीं भारतीय रेलवे देश के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने का काम करती है। हवाई परिवहन ने लंबी दूरी के सफर को कम समय में पूरा करना आसान बनाया है। दूसरी ओर, जल परिवहन व्यापार और सामान की ढुलाई में अहम भूमिका निभाता है।

आजादी के बाद से भारत में परिवहन व्यवस्था का लगातार विस्तार हुआ है। नई सड़कें, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, वंदे भारत जैसी ट्रेनें और आधुनिक हवाई अड्डे इस बदलाव की मिसाल हैं।

10 नवंबर की तारीख परिवहन के इतिहास से भी जुड़ी हुई है। दरअसल, 10 नवंबर 1885 को जर्मन इंजीनियर गॉटलिब डेमलर और विल्हेम मेबैक की बनाई पेट्रोल से चलने वाली पहली मोटरसाइकिल डेमलर रेइटवेगन बनाई थी। इसे मोटर चालित दोपहिया वाहनों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है।

परिवहन ने हमारी जिंदगी को जितना आसान बनाया है, इसके कुछ नुकसान भी हैं। पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है। इसके अलावा वाहनों की बढ़ती संख्या से ट्रैफिक जाम, शोर और कार्बन उत्सर्जन जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना, साइकिल चलाना और पैदल चलने जैसी आदतें अपनाना भी जरूरी है।

–आईएएनएस

पीआईएम/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.