आम आदमी पार्टी से निलंबित किए गए पंजाब के सांसद हरिंदर सिंह खालसा गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो गये। फतेहगढ़ साहिब से सांसद खालसा केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली की उपस्थिति में बीजेपी में शामिल हुए। बीजेपी में आने के बाद हरिंदर सिंह खालसा ने कहा कि देश में अभी सिर्फ एक ही पार्टी है जो देश को सही दिशा में ले जा सकती है और वह है भारतीय जनता पार्टी। बाकी सभी दल सत्ता के लोभी हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैंने बिना किसी शर्त के पार्टी को ज्वाइन किया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बेहद प्रभावित हूं।’ इस अवसर पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि हरिंदर सिंह खालसा के परिवार का सामाजिक जीवन काफी पुराना है। उनका परिवार पहले अकाली दल से जुड़ा था। वह 1974 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अफसर हैं। हरिंदर सिंह खालसा 1984 में सिख विरोधी दंगों के दौरान ओस्लो में थे। और वही एकमात्र ऐसे आईएफएस अफसर हैं जिन्होंने इस दंगे के विरोध में नौकरी छोड़ी थी।
गौरतलब है की अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से ताल्लुक रखने वाले खालसा ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर 2014 का लोकसभा चुनाव जीता था। हालांकि, 2015 में उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) से अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। बीजेपी का पंजाब में शिअद के साथ गठबंधन है और वह राज्य में 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।


Download Android App
Download iOS App




