आम आदमी पार्टी (AAP) के बागी विधायक कपिल मिश्रा अब जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं। कपिल मिश्रा ने ट्वीट जारी कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट में लिखा की वो कल 11:30 बजे भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं।

लम्बे अरसे से कपिल मिश्रा आम आदमी पार्टी से ख़फ़ा चल रहे थे। 2019 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार में कपिल मिश्रा को भी देखा गया था। जिसके बाद कुछ दिनों पहले ही उनकी विधानसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई थी।
बता दें कि 2015 विधानसभा चुनाव में कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में करावल नगर से जीत दर्ज की थी। इसके बाद इन्होंने अपने ही पार्टी के मुख्य सदस्य, अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा था कि केजरीवाल ने बीस करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी की है।
कपिल मिश्रा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी को 11 कंपनियों ने पैसा दिया था, लेकिन सभी की सभी फर्जी है। उन्होंने पार्टी पर यह भी आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी को मिलने वाले पैसे के बारे में आयकर विभाग और चुनाव आयोग से जानकारी छुपाई जाती है और गलत जानकारी दी जाती है। पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाने के बाद कपिल को पार्टी से निकाल दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



