रविवार की सुबह बक्सर के डीएम के ओएसडी की खुदकुशी के बाद बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई। आपको बता दे कि बिहार में बक्सर के जिलाधिकारी के विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) मोहम्मद तौकीर अकरम ने आज अपने आवास पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस उपाधीक्षक शैशव यादव ने यहां बताया कि जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा के ओएसडी मोहम्मद तौकीर अकरम ने अपने आवास पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। अभी आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और इसके बाद ही घटना के कारण का पता चल सकेगा।
वहीं, बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मोहम्मद तौकीर की मां का कहना है कि उनके पुत्र को पिछले कई महीने से वेतन नहीं मिल रहा था, जिससे वह काफी परेशान चल रहे थे।
इस बीच बक्सर के विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने इस घटना को दुखद बताया और कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि पता चल सके कि मोहम्मद तौकीर ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की है।
वही, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर जिलाधिकारी के विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) मोहम्मद तौकीर अकरम की आज हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया।
नीतीश कुमार ने यहां अपने शोक संदेश में कहा कि ओएसडी तौकीर अकरम की मौत हृदयविदारक घटना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह एवं गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुबहानी से दूरभाष पर बात की और मामले की जांच का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि इस वर्ष अगस्त महीने में बक्सर के जिलाधिकारी मुकेश पांडेय ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी।


Download Android App
Download iOS App



