नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना आज अपनी 85वीं सालगिरह मना रही है। इस मौके पर गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर वायुसेना के लड़ाकू विमानों, और हेलीकॉप्टरों ने फ्लाई पास्ट किया। पहली बार नौ हॉक विमानों के अलावा सूर्यकिरण के साथ देसी एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर की टीम ‘ध्रुव’ ने भी भी आसमान में अपनी कलाबाजियां दिखाईं। फ्लाई पास्ट की कमान सुखोई 30 एमके आई के हाथों में थी। इसके अलावा 4 जगुआर, 4 मिग-21 बाइसन, एक देसी तेजस, 4 मिग-29, टाइगर मोथ और हावर्ड जैसे पुराने विंटेज एयरक्राफ्ट ने भी उड़ान भरी। वायुसेना दिवस के मौके पर अपने संबोधन में एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने कहा है कि वायुसेना शॉर्ट नोटिस पर भी युद्ध के लिए तैयार है।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि पिछले साल पठानकोट में एयरफोर्स स्टेशन पर हुए आतंकी हमले को देखते हुए किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए सभी वायुसैनिक अड्डों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।जनवरी में आतंकवादी सीमा पार कर भारत में घुस आए थे और उन्होंने वायुसेना स्टेशन पर हमला कर दिया था। इस दौरान सात सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे और चार आतंकवादी मारे गए थे। धनोआ ने कहा कि वायुसेना देश के सामने आने वाली किसी भी सुरक्षा चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने यह भी कहा कि वायुसेना बहुपक्षीय रणनीतिक क्षमताएं हासिल कर रही है और थल सेना तथा नौसेना के साथ मिलकर संयुक्त रूप से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।


Download Android App
Download iOS App



