डीजीसीए की जांच में एयर इंडिया के बोइंग 787 सुरक्षित घोषित

Summary :

डीजीसीए ने एयर इंडिया के बोइंग 787 को सुरक्षा मानकों पर खरा पाया

डीजीसीए ने एयर इंडिया के बोइंग 787 विमानों को सुरक्षित घोषित किया है। निरीक्षण में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता नहीं पाई गई। 33 विमानों में से 24 की जांच पूरी हो चुकी है। एयरलाइन को सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालन जारी रखने की सलाह दी गई है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अपने एक बयान में कहा कि एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े पर हाल ही में की गई निगरानी में किसी तरह की बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई है। विमानन नियामक ने कहा कि विमान और संबंधित रखरखाव सिस्टम मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। एयरलाइन के बोइंग 787-8/9 बेड़े के 33 विमानों में से 4 विमानों की वर्तमान में अलग-अलग मेनटेनेंस, रिपेयर और ऑपरेशन (एमआरओ) सुविधाओं में बड़ी जांच की जा रही है। डीजीसीए ने कहा, “17 जून 2025 को दोपहर 3 बजे तक, कुल 24 विमानों की आवश्यक जांच सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इसके अलावा, मंगलवार के लिए 2 अतिरिक्त विमानों की जांच पूरी करने की योजना है, जबकि 18 जून को 1 और विमान की जांच की जाएगी। 2 विमान वर्तमान में दिल्ली में एओजी हैं।”

विमानन नियामक ने कहा कि इन दोनों विमानों की जांच सेवाक्षमता की घोषणा के बाद और सेवा में वापस आने से पहले की जाएगी। डीजीसीए ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की, जो वर्तमान में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में प्रतिदिन 1,000 से अधिक उड़ानें संचालित कर रहे हैं। बैठक एयरलाइनों की परिचालन मजबूती की समीक्षा करने और सुरक्षा और यात्री सेवा विनियमों का निरंतर अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए बुलाई गई थी।

Aeroplane में क्यों होता है Secret Room ?

डीजीसीए ने एयरलाइन को इंजीनियरिंग, ऑपरेशन, ग्राउंड हैंडलिंग यूनिट्स में कोऑर्डिनेशन को मजबूत करने की सलाह दी। हवाई क्षेत्र बंद होने को लेकर विशेष रूप से ईरानी हवाई क्षेत्र पर पड़ने वाले प्रभाव की भी समीक्षा की गई। हवाई क्षेत्र बंद होने से फ्लाइट डायवर्जन, डिले और कैंसलेशन के केस सामने आए हैं। ऑपरेटरों को यात्रियों और क्रू मेंबर्स के साथ समय पर संचार सुनिश्चित करने और व्यवधानों को कम करने के लिए वैकल्पिक रूटिंग रणनीति अपनाने के लिए कहा गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.