एअर इंडिया ने 318 ऑक्सीजन सांद्रक न्यूयॉर्क से दिल्ली पहुंचाए: हरदीप सिंह पुरी

Summary :

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि एअर इंडिया ने सोमवार को अपनी न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान से 318 ऑक्सीजन सांद्रक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचाए।

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि एअर इंडिया ने सोमवार को अपनी न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान से 318 ऑक्सीजन सांद्रक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचाए। देश में विभिन्न अस्पताल आपातकालीन आपूर्ति प्राप्त करने के बावजूद सोमवार को चिकित्सीय ऑक्सीजन की कमी से जूझते रहे। 
प्राणवायु (ऑक्सीजन) की कमी के बीच दिल्ली स्थित जयपुर गोल्डन अस्पताल में शनिवार को 20 मरीजों की मौत हो गई थी। पुरी ने आज ट्वीट किया, ‘‘महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई को मजबूत करने के लिए सभी प्रयास जारी हैं। जेएफके हवाईअड्डे से 318 फिलिप ऑक्सीजन सांद्रक लेकर एअर इंडिया की उड़ान दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरी।’’

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,52,991 नए मामले सामने आए, जो एक दिन में सामने आने वाले महामारी के सर्वाधिक मामले हैं। 
इसके साथ ही भारत में महामारी के अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या 1,73,13,163 हो गई है, जबकि उपचाराधीन मामलों की संख्या 28 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। इसने कहा कि पिछले 24 घंटे में महामारी से रिकॉर्ड 2,812 लोगों की मौत हुई है जिससे मृतकों की कुल संख्या 1,95,123 हो गई है। 

Desk Team