Ajit Pawar Kite Viral Video: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में आयोजित पतंग महोत्सव के दौरान ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, एक युवक बड़ी पतंग उड़ाते समय खुद हवा में उड़ने लगा। देखते ही देखते युवक जमीन से करीब 25 से 30 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया और रस्सी के सहारे हवा में झूलता नजर आया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पतंग पर दिवंगत नेता अजित पवार की तस्वीर भी लगी थी और उसपर ‘मिस यू दादा’ लिखा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सोलापुर के मालशिरस तालुका के निमगाव में आयोजित वावडी यानी पतंग महोत्सव की है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक तरीके से पतंग उड़ाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक भी बड़ी वावडी उड़ाने में लगा हुआ था। बता दें कि शुरुआत में युवक नॉर्मल तरीके से पतंग उड़ा रहा था। तभी अचानक हवा का तेज झोंका आया। हवा का दबाव इतना ज्यादा था कि युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह पतंग की डोर के साथ ही ऊपर उठने लगा। कुछ ही समय में वह जमीन से काफी ऊंचाई पर पहुंच गया।
अजित पवार की तस्वीर और ‘MISS YOU DADA’ लिखी विशाल पतंग के साथ हवा में 30 फीट उड़ गया युवक!
सोलापुर के निमगाव पतंग महोत्सव का VIDEO वायरल#MissYouDada #AjitPawar pic.twitter.com/e9l0ljehLG
— Shekhar Upadhyay 🇮🇳 (@ShekharUpLive) August 29, 2026
पतंग पर लगी थी अजित पवार की तस्वीर और लिखा था ‘मिस यू दादा’
वायरल वीडियो में युवक को रस्सी के सहारे हवा में झूलते हुए देखा जा सकता है। वह जमीन से करीब 25 से 30 फीट ऊपर था। नीचे मौजूद लोग इस नजारे को देखकर हैरान रह गए। कुछ लोगों ने तुरंत अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में युवक कुछ देर तक हवा में लटका हुआ दिखाई देता है। इस दौरान वह रस्सी को मजबूती से पकड़े नजर आया। बाद में जब हवा का जोर कम हुआ तो वह धीरे-धीरे नीचे जमीन पर आ गया।
इस घटना में इस्तेमाल की गई बड़ी पतंग भी चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, पतंग पर NCP के दिवंगत नेता अजित पवार की तस्वीर लगाई गई थी। इसके साथ ही पतंग पर ‘मिस यू दादा’ लिखा हुआ था। महोत्सव में इस विशेष पतंग को देखने के लिए भी लोगों की दिलचस्पी बनी हुई थी। लेकिन , पतंग उड़ाते समय अचानक तेज हवा चलने से युवक खुद ही उसके साथ ऊपर उठ गया।
गनीमत रही, घायल नहीं हुआ युवक
वहीं राहत की बात ये रही कि युवक को किसी तरह की चोट लगने की जानकारी सामने नहीं आई है। हवा की रफ्तार कम होने के बाद युवक सुरक्षित नीचे आ गया। इस घटना ने यह भी दिखाया कि बड़ी और भारी पतंगों को उड़ाते समय सावधानी बरतना कितना जरूरी है। तेज हवा के दौरान पतंग उड़ाने वालों के लिए ऐसी स्थिति अचानक खतरनाक हो सकती है।
बता दें कि निमगाव में आयोजित होने वाला यह पतंग महोत्सव अपनी पुरानी परंपरा के लिए भी जाना जाता है। बताया जाता है कि यहां करीब 200 सालों से पतंग महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान नॉर्मल पतंगों के मुकाबले काफी बड़ी वावडी उड़ाई जाती हैं। स्थानीय लोग इस आयोजन में पारंपरिक तरीके से हिस्सा लेते हैं। बड़ी पतंगों और उत्सव के माहौल की वजह से यह महोत्सव लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहता है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: कई जिलों में नहीं थम रहा जंगली जानवरों का कहर, किसान बेहाल; वन विभाग ने संभाला मोर्चा


Download Android App
Download iOS App




