कोरोना संकट के समय गरीबों से रेल किराया लेने पर अखिलेश ने केंद्र पर किया हमला

Summary :

सपा नेता ने केंद्र पर गरीबों को शोषित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संकट के समय गरीबों पर शोषण करना सूदखोरों का काम होता है, सरकार का नहीं।

लॉकडाउन में मजदूरों की घर वापसी के लिए रेल किराया लेने के मामले में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सपा नेता ने केंद्र पर गरीबों को शोषित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संकट के समय गरीबों पर शोषण करना सूदखोरों का काम होता है, सरकार का नहीं। उन्होंने कहा कि ट्रेन से घर वापस जा रहे गरीब, बेबस मजदूरों से पैसा लिया जाना बेहद शर्मनाक है। अब तो उत्तर प्रदेश में आरोज्ञ सेतु एप से भी 100 रूपये वसूलने की खबर है।

अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि ‘‘ ट्रेन से वापस घर ले जाए जा रहे गरीब, बेबस मजदूरों से भाजपा सरकार द्वारा पैसे लिए जाने की खबर बेहद शर्मनाक है। आज साफ हो गया है कि पूंजीपतियों का अरबों माफ करने वाली भाजपा अमीरों के साथ है और गरीबों के खिलाफ। विपत्ति के समय शोषण करना सूदखोरों का काम होता है, सरकार का नहीं।’’

उन्होंने कहा कि ‘‘अब तो भाजपा के आहत समर्थक भी ये सोच रहे हैं कि अगर समाज के सबसे गरीब तबके से भी घर भेजने के लिए सरकार को पैसे लेने थे तो तरह-तरह के फंड में जो खरबों रुपया तमाम दबाव व भावनात्मक अपील करके डलवाया गया है उसका क्या होगा?  उन्होंने कहा कि अब तो यूपी में आरोज्ञ सेतु एप से भी 100 रूपये वसूलने की खबर है।’’

राजस्थान : कोरोना से अब तक 70 लोगों ने गंवाई जान वहीं कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2800 के पार

अखिलेश ने जहाज से पुष्प वर्षा करने पर भी प्रश्नचिन्ह लगाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलायें क्वारंटाइन सेंटर की बदइंतजामी के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठी है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने पर महिलाओं को शासन-प्रशासन की घमकियां मिल रही है। ऐसे में पुष्प वर्षा का क्या औचित्य है।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि  ‘‘ यूपी के विभिन्न क्वारंटाइन सेंटर्स से बदइंतजामी की खबरें आ रही है। कहीं इसके खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठी महिलाओं को शासन-प्रशासन की धमकी मिली, कहीं खाने-पीने के सामान की कमी की शिकायत के बदले व्यवस्था को सुधारने का थोथा आश्वासन, ऐसे में हवाई जहाज से पुष्प वर्षा का क्या औचित्य?।’’ 

Desk Team