नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के आर.के. पुरम स्थित क्राइम ब्रांच की एनडीआर (नारकोटिक्स ड्रग्स सेल) टीम ने एक अंतरराज्यीय अवैध दवा सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 14.226 किलोग्राम अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित दवाएं (कुल 21,180 गोलियां) बरामद की गईं।
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को अपने एक आधिकारिक बयान में बताया कि यह ऑपरेशन एक एफआईआर के तहत चलाया गया, जो नई दिल्ली स्थित क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी। इस ऑपरेशन के दौरान दिल्ली के विभिन्न इलाकों में संदिग्धों को पकड़ा गया और कई जगहों पर छापेमारी की गई।
दर्ज एफआईआर और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम को दिल्ली और आसपास के इलाकों में नशीली दवाओं (साइकोट्रोपिक पदार्थों) की अवैध खरीद, परिवहन, भंडारण और वितरण पर रोक लगाने का काम सौंपा गया था। इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
इस टीम में सब इंस्पेक्टर अशोक, सौरभ, प्रमोद और यतेंद्र मलिक; असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर विकास और कमल तथा हेड कांस्टेबल रविंदर, संजय, दिनेश, संदीप, राहुल, संजू, सुखबीर, नहानजी और भाग सिंह शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई क्राइम ब्रांच के एसीपी/एनडीआर, उमेश बर्थवाल की सीधी देखरेख में संपन्न हुई।
तकनीकी खुफिया जानकारी, निगरानी और गुप्त सूत्रों से मिले इनपुट के आधार पर टीम ने कई अभियान चलाए। इसके परिणामस्वरूप चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान मुनेश कुमार गुप्ता, अखिलेश मिश्रा, वीरेंद्र कुमार उर्फ ’हीरो’ और राजेश्वर पांडे उर्फ ’गोपाल’ के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि 31 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली के निगम बोध घाट के पास दो व्यक्तियों को रोका। ये लोग एक मोटरसाइकिल पर दो कार्डबोर्ड के डिब्बों में दवाइयां ले जा रहे थे। संदिग्धों की पहचान मुनेश कुमार गुप्ता (44) और अखिलेश मिश्रा (46 वर्ष) के रूप में हुई।
तलाशी और जब्ती की कार्रवाई के दौरान उनके पास से 734 स्ट्रिप्स मिलीं, जिनमें कुल 16,380 अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की गोलियां/कैप्सूल थे। इनका कुल वजन लगभग 10.626 किलोग्राम था। अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया और 1 नवंबर 2026 को एफआईआर दर्ज की गई।
मुनेश कुमार गुप्ता और अखिलेश मिश्रा के बयानों के आधार पर टीम ने दिल्ली के मादीपुर में छापा मारा और वीरेंद्र कुमार उर्फ हीरो (48) को पकड़ा। उसे बरामद की गई दवाओं का मुख्य सप्लायर माना गया है। पकड़े जाने के समय वह सुजुकी एक्सेस स्कूटर पर 180 स्ट्रिप्स में पैक किए गए 4,320 ट्रामाडोल कैप्सूल ले जा रहा था, जिनका वजन लगभग 3.240 किलोग्राम था। प्रतिबंधित सामान ले जाने के लिए इस्तेमाल किए गए स्कूटर को भी मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
आगे की जांच में इस सप्लाई चेन से जुड़े एक और अहम व्यक्ति, राजेश्वर पांडे उर्फ ’गोपाल’ (34) को गिरफ्तार किया गया। क्राइम ब्रांच और दिल्ली सरकार के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने मिलकर दिल्ली के मादीपुर गांव में स्थित उसकी दुकान पर संयुक्त छापेमारी की।
तलाशी के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत 480 ट्रामाडोल कैप्सूल वाली 20 स्ट्रिप्स बरामद की गईं और जब्त कर ली गईं। इनका वजन लगभग 360 ग्राम था। इसके अलावा, ‘ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940’ के तहत ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने दवाओं का एक बड़ा कमर्शियल स्टॉक जब्त किया, जिसका कोई हिसाब-किताब नहीं था। इसमें 31 अलग-अलग श्रेणियों की दवाएं शामिल थीं, जैसे टैबलेट, कैप्सूल, सिरप और सस्पेंशन। आरोपी इस स्टॉक को कानूनी तरीके से खरीदने या अपने पास रखने के लिए कोई वैध ड्रग लाइसेंस या खरीद बिल पेश नहीं कर सके।
आगे की जांच में पता चला कि मुनेश कुमार गुप्ता स्थानीय क्लीनिकों और डॉक्टरों को दवाइयां सप्लाई करने का काम करता था। पूछताछ के दौरान मुनेश ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से सह आरोपी अखिलेश मिश्रा के साथ मिलकर बिना किसी वैध कानूनी अनुमति के अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल जैसी दवाइयां मंगाने और सप्लाई करने का काम कर रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि ये दवाइयां वीरेंद्र कुमार उर्फ ’हीरो’ के जरिए आती थीं।
अखिलेश मिश्रा, मुनेश कुमार गुप्ता के साथ मिलकर दवाओं के वितरण का काम करता था। वे बिना किसी वैध खरीद-बिक्री रिकॉर्ड के प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक पदार्थों को अवैध रूप से मंगाने और सप्लाई करने में शामिल था।
वीरेंद्र कुमार कई वर्षों से केमिस्टों और क्लीनिकों को बिना अनुमति के प्रतिबंधित दवाइयां सप्लाई कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उन्होंने मुनेश कुमार गुप्ता और दिल्ली के अन्य लोगों को ऐसी दवाइयों की बड़ी खेप सप्लाई की थी। यह पहले भी हरियाणा के ताराओरी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में शामिल रहा है।
राजेश्वर पांडे मादीपुर में एक मेडिकल स्टोर चलाता था। आरोप है कि राजेश्वर बिना किसी वैध ड्रग लाइसेंस या खरीद इनवॉइस के दिल्ली भर के विभिन्न क्लीनिकों और लोगों को अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाइयां सप्लाई कर रहा था।
क्राइम ब्रांच की ओर से इस अवैध दवा आपूर्ति नेटवर्क के आगे-पीछे के कनेक्शन का पता लगाने और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
–आईएएनएस
डीके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



