लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार, ‘इंडिया’ गठबंधन के विरोध प्रदर्शन और सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव समय-समय पर ‘पीडीए’ की परिभाषा बदलते रहते हैं। कल का उनका फॉर्मूला निकला कि ‘पी’ से परिवार राम गोपाल यादव, ‘डी’ से धनीराम दौलतमंद हैं और ‘ए’ बच गया है। अब कहीं से अपराधी पकड़ कर लाएंगे।”
भाजपा के 10 विधायकों के संपर्क में होने के सपा के दावे पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “किसके विधायक टूटते हैं, पता चल जाएगा। पिछले विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव में कौन टूटा था।”
चुनाव आयोग के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर सवाल पर ओपी राजभर ने कहा, “2014 से पहले देश में कांग्रेस की सरकार थी। पूरे सिस्टम पर कांग्रेस का कब्जा था। जब चुनाव हुआ तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए। कांग्रेस को सफलता नहीं मिली और जनता ने नरेंद्र मोदी को चुन लिया।”
ओपी राजभर ने कहा, “2012 से 2017 तक अखिलेश यादव का पूरे उत्तर प्रदेश के सिस्टम पर कब्जा था। 2017 के चुनाव में जनता ने एनडीए गठबंधन को 325 सीटें दे दीं। अखिलेश यादव की ओर से कहा जा रहा है कि वोटों की चोरी हुई, ऐसे में उनका सिस्टम पर पकड़ नहीं था या जनता उनको पसंद नहीं कर रही है। सीईसी को नियुक्त हुए दो वर्ष हो गए, अगर ये चोरी करते तो एनडीए की सीटें घटती या बढ़ती। सपा और कांग्रेस के पास कोई काम नहीं है, इसलिए ये आंदोलन चला रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव का मानसिक संतुलन खो गया है। पूरी प्रेस वार्ता में केवल मुसलमानों के विषय में बोलते रहते हैं।”
–आईएएनएस
एसडी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



