नयी दिल्ली : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर की स्थिति, विशेषकर अमरनाथ यात्रियों पर आतंकवादियों के हमले के परिप्रेक्ष्य में आज यहां एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित गृह सचिव, गृह मंत्रालय, खुफिया एजेंसी और केंद्रीय अद्र्ध-सैनिक बलों के उच्चाधिकारी शामिल होंगे।
केंद्र सरकार ने अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के आकलन के लिए गृह राज्यमंत्री हंसराज अहिरतो की अगुवाई में एक उच्चस्तरीय दल गठित करने का भी निर्णय लिया है। गृहमंत्री ने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
दूसरी तरफ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक आर आर भटनागर पहले ही श्रीनगर पहुंच चुके हैं। राज्य सरकार प्रदेश और सीआरपीएफ के उच्चाधिकारियों के साथ अमरनाथ यात्रा मार्ग पर केंद्रीय बलों की तैनाती की समीक्षा भी कर सकती है। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में कल आतंकवादी हमले में सात अमरनाथ यात्रियों की मौत हो गयी। केंद्र और राज्य सरकार आतंकी हमले के शिकार लोगों के शवों को विमान के जरिए गुजरात भेजने का इंतजाम कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



