नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर भारत के रुख और डोनाल्ड ट्रंप पर अपने विचार व्यक्त किए। संजय राउत ने दावा किया कि अमेरिका युद्ध हार रहा है।
सांसद संजय राउत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “पश्चिम एशिया में स्थिति बेहद गंभीर है। सब कुछ हाथ से निकल चुका है और स्थिति नियंत्रण से बाहर है। यहां तक कि जिन्होंने युद्ध शुरू किया था, अब उनका भी इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। भारत की इसमें कोई भूमिका नहीं है। भारत न तो इस पक्ष में है और न ही उस पक्ष में है। भारत का अस्तित्व शून्य हो गया है।”
सांसद संजय राउत ने कहा, “अगर राष्ट्रपति ट्रंप कूटनीति समझते तो युद्ध नहीं छेड़ते। अमेरिका युद्ध हार रहा है और यह स्पष्ट हो चुका है। इसीलिए ट्रंप अब जल्दबाजी में प्रतिक्रिया दे रहे हैं।”
राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग पर सांसद संजय राउत ने कहा था, “भाजपा ने पैसे और सत्ता का इस्तेमाल करके क्रॉस वोटिंग कराई, चाहे वह हरियाणा हो, बिहार हो या ओडिशा। ओडिशा में उन्होंने किसे चुनवाया? एक ऐसे व्यक्ति को जिस पर कोयला घोटाले का आरोप है, जिसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है और जिसे अदालत ने तीन साल जेल की सज़ा सुनाई है।”
गौरलतब है कि संजय राउत अपने बयानों के लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, वह हर मुद्दे पर सरकार को घेरते रहते हैं। इसके पहले 6 मार्च को संजय राउत ने अमेरिका द्वारा रूस से तेल खरीद को लेकर भारत को एक महीने की मोहलत दिए जाने पर भारत की विदेश नीति और राजनीतिक स्वतंत्रता से जोड़ते हुए तीखी आलोचना की थी। संजय राउत ने कहा था, “अगर किसी दूसरे देश को यह अधिकार मिल जाए कि वह तय करे कि भारत कब और कितना तेल खरीदे, तो यह स्थिति ठीक नहीं मानी जा सकती। इस तरह की अनुमति आम तौर पर एक ताकतवर देश अपने अधीन या कमजोर देश को देता है। भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए एक महीने की छूट दी गई है, तो इसका मतलब यह हुआ कि हमारी विदेश नीति कहीं न कहीं दूसरे देश के इशारों पर चल रही है।”
–आईएएनएस
ओपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



