केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) की नियुक्ति भारत के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह सशस्त्र बलों के तीनों सेवाओं के कर्मियों के कल्याण के लिए मोदी सरकार के द्वारा किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाएगा। शाह ने इसको लेकर कई ट्वीट किये। उन्होंने ट्वीट में कहा कि पहले सीडीएस की नियुक्ति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे समय से लंबित मांग को पूरा कर दिया।

जनरल बिपिन रावत को सोमवार को पहला सीडीएस नियुक्त किया गया। इस नियुक्ति का उद्देश्य थल सेना, नौसेना और भारतीय वायु सेना के बीच समन्वय और देश की सैन्य शक्ति को मजबूत करना है। उन्होंने बुधवार को सीडीएस के रूप में पदभार ग्रहण किया। शाह ने कहा, ‘‘चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ न केवल भारतीय सशस्त्र बलों की तीनों शाखाओं के कल्याण के मोदी सरकार के प्रयासों को और बढ़ाएगा बल्कि हमारी सेना का आधुनिकीकरण करेगा और नए भारत की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने लंबे समय से लंबित एक और मांग को पूरा कर दिया और भारत को अपना पहला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ मिल गया। मुझे विश्वास है कि इस फैसले से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ रक्षा बलों में शामिल होने के भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।’’ गह मंत्री ने जनरल बिपिन रावत को भारत का पहला सीडीएस बनने की बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में सभी तीनों बल एक टीम की तरह काम करेंगे और देश की रक्षा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’



Download Android App
Download iOS App



