भाजपा 26 फरवरी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से देश भर में ‘कमल ज्योति अभियान’ की शुरूआत करेगी जिसके तहत पार्टी सरकार की जनकल्याण योजनाओं के लाभार्थी लगभग 22 करोड़ गरीब घरों में संपर्क करेगी। इन लाभार्थियों को मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं में से किसी ना किसी तरह का लाभ मिला है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने ट्वीट में कहा, “मैं 26 फ़रवरी को उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में ‘कमल ज्योति संकल्प’ अभियान का शुभारंभ करूँगा।” उन्होंने कहा, “मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि आप अपने घरों में और सभी लाभार्थियों के घर पर कमल दीप जलायें और उसकी फ़ोटो बीजेपी कमलज्योति हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा करें।”
शाह ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से देश के गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि इन 22 करोड़ लाभार्थियों की ख़ुशी को साझा करने और इस विकास के संकल्प को बनाये रखने के लिए भाजपा 26 फरवरी को पूरे देश में ‘कमल ज्योति संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सभी के घरों में कमल दीप प्रज्ज्वलित करेगी।
मैं 26 फ़रवरी को उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में ‘कमल ज्योति संकल्प’ अभियान का शुभारंभ करूँगा।
सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि आप अपने घरों में और सभी लाभार्थियों के घर पर कमल दीप जलायें और उसके फ़ोटो #BJPKamalJyoti हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा करें। pic.twitter.com/8dTcCGJpgl
— Amit Shah (@AmitShah) February 25, 2019
भाजपा अध्यक्ष का इस दिन उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में गंगा किनारे स्थित एक गांव तक नाव में सवार होकर जाने का कार्यक्रम है। इस गांव को आजादी के बाद पहली बार बिजली का कनेक्शन प्राप्त हुआ है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा ने देश के ऐसे 18 हजार गांवों को चिह्नित किया था जो बुनियादी सुविधाओं से महरूम थे। सरकार ने उन गांवों में त्वरित गति से सुविधाएं सुलभ कराई हैं।
उन्होंने कहा कि आठ करोड़ ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया जो दो या तीन नामों से सरकारी सुविधाओं का गलत तरीके से लाभ उठा रहे थे। इस तरह सरकार ने करोड़ों रुपये का लीकेज रोकने में कामयाबी पाई। साथ ही उन्होंने जोर दिया कि सरकार ने करोड़ों रूपये का सीधा लाभ गरीबों तक पहुंचाया है। 2014 के पहले पानी एवं शौचालय की उपलब्धता 40 प्रतिशत थी जो अब 98 प्रतिशत हो गई है।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर व्यापक सम्पर्क अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को देश भर के भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों, स्वयंसेवकों के साथ ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत नरेन्द्र मोदी एप पर संवाद करेंगे।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि 28 फरवरी को प्रधानमंत्री देश भर के करीब नौ लाख बूथस्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे । वहीं, तीन मार्च को बिहार की राजधानी पटना में भाजपा की विशाल रैली को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोकजनशक्ति पाटी के नेता रामविलास पासवान एवं अन्य नेता संबोधित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



