अमित शाह विभाजनकारी राजनीति के बड़े समर्थक : डेरेक ओ ब्रायन

Summary :

ब्रायन ने कहा, ‘‘अमित शाह और बीजेपी विभाजनकारी और नफरत की राजनीति के सबसे बड़े समर्थक हैं। देशभक्ति पर हम उनका भाषण नहीं सुनेंगे।

पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की कार्रवाई पर सवाल उठाने पर विपक्ष की आलोचना करने वाले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को पलटवार किया। पार्टी ने कहा कि बीजेपी नेता को देशभक्ति पर ‘दूसरों को भाषण’ देने से बचना चाहिए क्योंकि वह ‘विभाजनकारी और घृणा की राजनीति के समर्थक हैं।’

तृणमूल कांग्रेस (तृणकां) के राष्ट्रीय प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि बीजेपी को हवाई हमले का श्रेय लेना बंद करना चाहिए, क्योंकि सशस्त्र बल भारत के हैं, न कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या अमित शाह के। राज्यसभा में तृणकां संसदीय दल के नेता ब्रायन ने कहा, ‘‘अमित शाह और बीजेपी विभाजनकारी और नफरत की राजनीति के सबसे बड़े समर्थक हैं। देशभक्ति पर हम उनका भाषण नहीं सुनेंगे।

उन्होंने कहा कि जो लोग स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान छिप गए थे, वे देशभक्ति पर उपदेश दे रहे हैं। आरएसएस की तरफ इशारा करते हुए ब्रायन ने कहा, ‘‘पूरे स्वतंत्रता संग्राम के दौरान छिप जाने वाले खाकी-चड्डी पहनने वाले लोग अब देशभक्ति पर प्रमाण-पत्र बांट रहे हैं।’’

डेरेक ओ ब्रायन बोले- 2019 चुनाव में मोदी को मत बनाइए बनाम एक वैकल्पिक उम्मीदवार

शाह ने शनिवार को कहा था कि ऐसे लोग जब सत्ता में थे तो उनमें आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने और जवानों के बलिदान का बदला लेने का साहस नहीं था, वे अब ‘घटिया राजनीति’ के लिए हाल के हवाई हमले पर सवाल उठा रहे हैं और उनके बयानों ने पाकिस्तान को खुश कर दिया है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय वायु सेना द्वारा पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शिविरों पर किए गए हमलों का गुरुवार को सबूत मांगा था।

Desk Team