भोपाल, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी सिलसिले में दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है, दोनों का उपचार जारी है।
दरअसल, एक शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए देवास जिले की पुलिस को सतर्क किया गया था। उसी क्रम में खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ट्रक चालक को पकड़ने की कोशिश की थी। इसी दौरान उन्हें ट्रक से कुचल दिया गया था, इसके बाद से सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक गजेंद्र और सह आरोपी धीरज को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर खातेगांव लाया जा रहा था। इसी दौरान इन आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस को शॉर्ट एनकाउंटर करना पड़ा।
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के अनुसार, गजेंद्र को अलीराजपुर से गिरफ्तार किया गया था और उसे देवास लाया जा रहा था। इसी दौरान कार का पहिया पंचर हो गया, जिसे सुधारा जा रहा था। इस दौरान गजेंद्र ने लघुशंका की बात कही।
बताया गया है कि आरोपी गजेंद्र ने पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली गजेंद्र के पैर में लगी। उसे उपचार के लिए देवास लाया गया।
इसी तरह, एक अन्य आरोपी धीरज ने भी पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने बताया है कि धीरज ने नोट प्रेस थाना क्षेत्र के करीब पुलिस का हथियार छीनकर हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की तो धीरज के पैर में गोली लगी। उसे भी उपचार के लिए देवास अस्पताल भेजा गया है। दोनों ही घायलों को उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है।
पिछले दिनों दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुरी के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता के साथ उनकी पत्नी को उप निरीक्षक पद पर नियुक्ति का ऐलान किया था।
–आईएएनएस
एसएनपी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



