अमृतसर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब को नशा-मुक्त और सुरक्षित बनाने की मुहिम में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले तीन बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पंजाब पुलिस महानिदेशक के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया गया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 पिस्तौल, 3.267 किलोग्राम हेरोइन और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर इन आरोपियों को पकड़ा गया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई में सक्रिय थे। ये नेटवर्क न सिर्फ पंजाब में बल्कि सीमा पार से भी जुड़े हुए थे। पुलिस को शक है कि इस पूरे रैकेट के तार विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हैं, जो ड्रोन और अन्य माध्यमों से हेरोइन और हथियारों की खेप पंजाब में भेजते थे।
इस मामले में अमृतसर के थाना डी-डिवीजन और थाना छेहरटा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है।
इससे पहले भी अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक इसी तरह के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 किलो हेरोइन, 2 एके-47 राइफल, 4 मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। जांच में पता चला था कि वे आरोपी भी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और राज्य में हथियार व ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे। उस मामले में घरिंडा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि राज्य में लगातार ड्रग और हथियार तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वह ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और पंजाब को एक सुरक्षित और नशा-मुक्त राज्य बनाने के अपने संकल्प पर अडिग है।
–आईएएनएस
पीआईएम/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



