दुबई से इजराइल जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान में हुए बड़े हादसे के बाद से कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की दुनियाभर में तारीफ़ हो रही है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने 174 यात्रियों को सुरक्षित रखकर सेफ लैंडिंग कराई। इसके लिए गुजरात सरकार की तरफ से उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा, इसके साथ ही 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार का भी ऐलान किया है। यह घोषणा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को की है।
मच्छार ने अपनी बहादुरी से गुजरात और देश का गौरव बढ़ाया- CM भूपेंद्र पटेल
मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि कॉकपिट के भीतर हमले में गंभीर रूप से घायल होने और खून बहने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने असाधारण साहस का परिचय दिया और विमान में सवार सभी 174 यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पटेल ने कहा कि दुनिया कैप्टन मच्छार के साहस को सलाम कर रही है। उन्होंने उनके कदम को बेहद प्रेरणादायक और प्रशंसनीय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजराती मूल के कैप्टन मच्छार ने अपनी बहादुरी से गुजरात और देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा, “उनकी असाधारण बहादुरी और मानवता के इस कार्य के सम्मान में गुजरात सरकार कैप्टन स्मित मच्छार को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करेगी।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूरा गुजरात उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।
ઈઝરાયલ જઈ રહેલ ફ્લાઈટના પાયલટ કેપ્ટન સ્મિત મચ્છરના સાહસને આજે આખી દુનિયા સલામ કરી રહી છે. હુમલાના કારણે લોહીલુહાણ હોવા છતા તેમણે અદમ્ય સાહસ દાખવીને 174 મુસાફરોના જીવ બચાવ્યા, એ વાત અત્યંત પ્રેરણાદાયી અને સરાહનીય છે.
મૂળ ગુજરાતના આ વીર સપૂતે પોતાના શૌર્યથી સમગ્ર વિશ્વમાં ગુજરાત…
— Bhupendra Patel (@Bhupendrapbjp) October 1, 2026
गुजरात को अपने इस “बहादुर बेटे” पर गर्व है- उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी एक्स पर पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने असाधारण साहस दिखाया और 174 लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि गुजरात को अपने इस “बहादुर बेटे” पर गर्व है।
क्या हुआ था फ्लाइट में?
आपको बता दें कि दुबई से तेलअवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान के दौरान कॉकपिट में एक खौफनाक घटना हुई। ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया और विमान के सिस्टम को खराब करने की कोशिश की। इस वजह से विमान सिर्फ एक मिनट में करीब 14,000 फीट नीचे गिर गया। हमले में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी और स्थिति संभालते हुए विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड करा दिया।
इसके बाद क्रू मेंबर और एक यात्री ने हमलावर को काबू किया, जिसे सऊदी अरब की खुफिया एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इस हमले में आतंकी एंगल से भी जांच की जा रही है। फिलहाल घायल पायलट को अस्पताल भेजा गया है।
कैप्टन मच्छार की बहादुरी की तारीफ सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में हो रही रही है।


Download Android App
Download iOS App




