Mumbai Manori Beach Ship Incident: मुंबई के बोरीवली पश्चिम इलाके में स्थित गोराई-मनोरी समुद्र तट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पिछले करीब 4 महीनों से यहां फंसे एक बड़े जहाज के अंदर से 4 लोगों के शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये लोग चोरी के इरादे से जहाज के अंदर पहुंचे थे और वहां गैस रिसाव या ऑक्सीजन की कमी की वजह से उनकी जान चली गई। लेकिन, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, यह जहाज करीब 4 महीने पहले मनोरी समुद्र तट के पास आकर फंस गया था। जहाज को लेकर पहले से ही विवाद और कानूनी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जहाज के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज है और वह फिलहाल फरार है। पुलिस को शक है कि वह विदेश में हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि जहाज का इस्तेमाल कथित तौर पर तेल से जुड़े अवैध कारोबार में किया जाता था। हालांकि, पुलिस या संबंधित एजेंसियों की ओर से अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच एजेंसियां इस पहलू को भी खंगाल रही हैं।
जहाज पर पहले भी हो चुकी थी चोरी
पुलिस की शुरुआती जांच में जहाज से चोरी की दो पुरानी घटनाओं का भी पता चला है। बताया जा रहा है कि पहली घटना में चोर करीब ढाई लाख रुपये का सामान लेकर फरार हुए थे। वहीं, दूसरी बार जहाज से करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई। इन घटनाओं के बाद एक बार फिर कुछ लोग जहाज तक पहुंचे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 8 लोगों का एक समूह स्पीडबोट के जरिए जहाज के पास गया था। पुलिस के अनुसार, समूह में शामिल एक व्यक्ति स्पीडबोट पर ही रुका रहा, जबकि 7 लोग जहाज के अंदर दाखिल हुए।
इनमें से 4 लोग जहाज के अंदरूनी हिस्से में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनका मकसद पाइप काटना और सामान चोरी करना था। इसी दौरान जहाज के अंदर अचानक गैस रिसाव होने की आशंका है। जहाज के बंद हिस्से में जहरीली गैस फैलने या ऑक्सीजन की कमी की वजह से चारों लोग बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई। फिलहाल इसे केवल शुरुआती जांच का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस मौत की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है।
नौसेना की मदद से बाहर निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही गोराई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जहाज की स्थिति और अंदर मौजूद खतरे को देखते हुए नौसेना को भी जानकारी दी गई। नौसेना की मदद से जहाज के अंदर से चारों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने जहाज के आसपास मौजूद 3 अन्य संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये लोग जहाज तक क्यों पहुंचे थे और कथित चोरी की घटना में उनकी क्या भूमिका थी।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। जहाज के अंदर की स्थिति, गैस रिसाव और वहां मौजूद सामान की भी जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि जहाज के अंदर गैस किस वजह से फैली, चारों लोगों की मौत वास्तव में किस वजह से हुई और जहाज तक पहुंचे लोगों का आपस में क्या संबंध था।
साथ ही, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह पूरा मामला चोरी के प्रयास से जुड़ा था। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह और पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।
यह भी पढ़ें: गोवा के SIR में छूटे 97 वोटरों में से 88 के फॉर्म 6 मंजूर, BLO घर-घर जाकर भरवा रहे फॉर्म


Download Android App
Download iOS App




