Honda Elevate Facelift: भारतीय कार बाजार में कॉम्पैक्ट SUV की मांग लगातार बढ़ रही है। इस सेगमेंट में कई कंपनियां नए मॉडल और अपडेटेड कारें पेश कर रही हैं। इस बीच अब होंडा भी अपनी फेमस SUV एलिवेट को नए रूप में लाने की तैयारी में है। कंपनी 6 अक्टूबर को Honda Elevate Facelift को भारतीय बाजार में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर सकती है।
नई एलिवेट फेसलिफ्ट में कंपनी डिजाइन के साथ-साथ केबिन और टेक्नोलॉजी से जुड़े कुछ खास चेंज कर सकती है। टीजर में भी कार के नए लुक की झलक देखने को मिली है। आइए जानते हैं कि नई एलिवेट में क्या खास बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
फ्रंट डिजाइन में मिलेगा नया लुक
- नई होंडा एलिवेट फेसलिफ्ट के बाहरी डिजाइन में सबसे ज्यादा बदलाव कार के फ्रंट हिस्से में देखने को मिल सकते हैं।
- कंपनी की ओर से जारी टीजर के मुताबिक, एसयूवी में नई डिजाइन वाली फ्रंट ग्रिल दी जा सकती है।
- ग्रिल के ऊपर एक हॉरिजॉन्टल LED लाइट बार मिलने की उम्मीद है, जो दोनों हेडलाइट्स को आपस में जोड़ती नजर आएगी।
- लेकिन, कार की मुख्य हेडलाइट्स का डिजाइन मौजूदा मॉडल से काफी हद तक मिलता-जुलता रह सकता है।
- इसके अलावा फ्रंट बंपर और लोअर ग्रिल में भी बदलाव किए जा सकते हैं।
- इन अपडेट्स के बाद कार का अगला हिस्सा पहले के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न और आकर्षक दिखाई दे सकता है।
केबिन में मिल सकते हैं नए फीचर्स
- एलिवेट फेसलिफ्ट के इंटीरियर में भी कंपनी कुछ बदलाव कर सकती है।
- डैशबोर्ड के डिजाइन में छोटे बदलाव के साथ नई कलर थीम देखने को मिल सकती है।
- इससे कार का केबिन पहले से ज्यादा प्रीमियम महसूस हो सकता है।
- फीचर्स की बात करें तो नई एलिवेट में होंडा की दूसरी कारों से कुछ नई टेक्नॉलजी शामिल किए जा सकते हैं।
- इसमें अपडेटेड कनेक्टेड कार फीचर्स भी मिल सकते हैं, जिससे कार को मोबाइल ऐप के जरिए कंट्रोल और मॉनिटर करने की सुविधा बेहतर हो सकती है।
- नई एलिवेट को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा पैनोरमिक सनरूफ की है।
- मौजूदा एलिवेट में पैनोरमिक सनरूफ की सुविधा नहीं मिलती है।
- वहीं, इस सेगमेंट की कई दूसरी एसयूवी में यह फीचर दिया जा रहा है।
- ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि कस्टमर्स की मांग को देखते हुए होंडा फेसलिफ्ट मॉडल में पैनोरमिक सनरूफ शामिल कर सकती है। लेकिन, इसकी आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय ही होगी।
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
- मैकेनिकल तौर पर नई एलिवेट फेसलिफ्ट में बहुत बड़ा चेंज नहीं देखने को मिल सकता है।
- इसमें मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन को ही जारी रखा जा सकता है।
- ट्रांसमिशन की बात करें तो इसमें 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिल सकता है।
- यानी कंपनी का मुख्य फोकस इस बार इंजन के बजाय डिजाइन, फीचर्स और टेक्नोलॉजी को अपडेट करने पर हो सकता है।
हाइब्रिड नहीं, EV पर कंपनी का फोकस
- पिछले काफी समय से एलिवेट के हाइब्रिड वर्जन को लेकर चर्चाएं चल रही थीं।
- लेकिन , मौजूदा जानकारी के अनुसार फेसलिफ्ट मॉडल के साथ हाइब्रिड पावरट्रेन आने की उम्मीद नहीं है।
- इसके बजाय होंडा अगले साल होने वाले ऑटो एक्सपो में अपनी ऑल-इलेक्ट्रिक SUV पेश करने की योजना पर काम कर रही है।
- ऐसे में आने वाले समय में कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों को लेकर नई जानकारी सामने आ सकती है।
कितनी हो सकती है नई एलिवेट की कीमत?
- फेसलिफ्ट मॉडल में नए डिजाइन और एक्स्ट्रा फीचर्स शामिल किए जाने की वजह से इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है।
- लेकिन भारतीय बाजार में ज्यादा मुकाबले को देखते हुए होंडा के लिए कार की कीमत सही रखना बहुत जरूरी होगा।
- फिलहाल नई एलिवेट फेसलिफ्ट की कीमत और सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
- कंपनी लॉन्च के दौरान इसकी कीमत, वेरिएंट और स्पेसिफिकेशन की पूरी जानकारी देगी।
यह भी पढ़ें: Yamaha R15M Discontinued: बंद होगी Yamaha R15M! R2 की एंट्री के बाद कंपनी बदल सकती है पूरा लाइनअप


Download Android App
Download iOS App




