मध्य प्रदेश की नवनियुक्त राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल 23 जनवरी को भोपाल के राजभवन में शपथ ग्रहण करने के बाद विधिवत पदभार संभालेंगी। गुजरात की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री रहीं 77 वर्षीय श्रीमती पटेल ने आज यहां पत्रकारों को यह जानकारी दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होने के कारण वह इससे तीन दिन पहले ही यानी 23 जनवरी को शपथ लेकर पदभार संभाल लेंगी।
राज्यपाल बनाये जाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने मध्य प्रदेश को लघु भारत बताते हुए कहा कि वह अपने नये दायित्व का अच्छे से अच्छे ढंग से निर्वहन करेंगी। ज्ञातव्य है कि मध्य प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं।
मई 2014 में प्रधानमंत्री बने तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराधिकारी के तौर पर गुजरात की मुख्यमंत्री बनी श्रीमती पटेल ने 75 साल की उम्र में मंत्री पद छोड़ने की भाजपा की परंपरा का हवाला देते हुए पिछले साल अगस्त में पद छोड़ दिया था। हालांकि कई राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना था कि पाटीदार आरक्षण आंदोलन के बेकाबू होने के खामियाजे के तौर पर आलाकमान के निर्देश पर उन्हें पद गंवाना पड़ा था।
उधर, श्रीमती आनंदीबेन पटेल को राज्यपाल बनाये जाने को लेकर गुजरात भाजपा ने उनके सम्मान में आज प्रदेश मुख्यालय श्रीकमलम में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में एक समारोह भी आयोजित किया।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



