अंकित बालियान हत्याकांड: दो शूटर मुठभेड़ में ढेर, पिता बोले-अभी आधा इंसाफ मिला

Summary :

शामली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई के बाद परिवार ने राहत के साथ बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सोमवार को हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों के मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना के बाद अंकित की पत्नी सीमा और पिता सतबीर सिंह ने कहा कि कार्रवाई से उम्मीद जगी है, लेकिन जब तक सभी आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक इंसाफ अधूरा रहेगा। अंकित के पिता सतबीर सिंह ने कहा, हमें खबर मिली है कि दो अपराधी मारे गए हैं। आधा न्याय मिला है। चाहे दो…

शामली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई के बाद परिवार ने राहत के साथ बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सोमवार को हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों के मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना के बाद अंकित की पत्नी सीमा और पिता सतबीर सिंह ने कहा कि कार्रवाई से उम्मीद जगी है, लेकिन जब तक सभी आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक इंसाफ अधूरा रहेगा।

अंकित के पिता सतबीर सिंह ने कहा, हमें खबर मिली है कि दो अपराधी मारे गए हैं। आधा न्याय मिला है। चाहे दो हों या चार, सभी को मारा जाना चाहिए। तभी हमें पूरा न्याय मिलेगा। वहीं, अंकित की पत्नी सीमा ने कहा, “मुझे अभी इसकी जानकारी मिली है। दो आरोपी मारे गए हैं, यह ठीक है, लेकिन कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। मैं कहना चाहूंगी कि उन्हें भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इससे हमें पूरी संतुष्टि तो नहीं मिलेगी, लेकिन कम से कम न्याय जरूर मिलेगा।

परिजनों के बयानों के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अंकित बालियान हत्याकांड पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर कहा कि पुलिस ने आज मुठभेड़ में मशहूर गायक अंकित बालियान के निर्मम हत्यारों को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा। पाठक ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है, क्योंकि अपराधियों और हत्यारों का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिस निर्मम तरीके से अंकित बालियान की हत्या की गई, उससे पूरा प्रदेश दुखी था और आज इस वारदात को अंजाम देने वालों को उनके किए की सजा मिल गई है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि 26 अगस्त को शामली में चार शूटरों ने अंकित बालियान की हत्या की थी। उन्होंने अंकित पर कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी, जिससे पता चला कि चारों शूटर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हुए थे।

अमिताभ यश ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद बोघी गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें भोले शाहपुरिया ने दावा किया कि यह हत्या उसने या उसके गिरोह ने की है। वहीं, शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने मुठभेड़ की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि 26 अगस्त को कोतवाली क्षेत्र में एक जिम के पास मशहूर हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया और रात 12 बजे से सुबह तक नाकाबंदी तथा चेकिंग अभियान चलाया गया।

एसपी ने बताया कि इसी अभियान के दौरान दो युवक बागपत नंबर की मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने तत्काल पुलिस की गाड़ी और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे मोटरसाइकिल मोड़कर कोतवाली की तरफ भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में दोनों आरोपी मारे गए। उनके पास से दो 9 एमएम की पिस्तौल, एक .32 बोर की पिस्तौल, कुल 26 जिंदा कारतूस और करीब 15 खोखे बरामद किए गए हैं। एसपी ने कहा कि आरोपियों ने पुलिस पर भारी फायरिंग की थी।

उन्होंने बताया कि घायल होने के बाद अस्पताल ले जाते समय पुलिस टीम ने आरोपियों से विस्तार से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि हरियाणा के एक कुख्यात अपराधी राहुल ने उन्हें भेजा था। उसने उन्हें पैसे दिए, पिस्तौल की व्यवस्था की और बताया था कि 26 तारीख को बाहर से आने वाले कुछ अन्य लोग उनसे मिलेंगे। एसपी के अनुसार, चारों अलग-अलग रास्तों से यहां पहुंचे, एक-दूसरे से मिले और अंकित पर गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.