केंद्र सरकार का बड़ा ऐलान- मई और जून में 80 करोड़ जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त अनाज

Summary :

केंद्र सरकार ने पिछले साल की तरह इस बार भी पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त अनाज देने का निर्णय लिया है। मई और जून तक प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज करीब 80 करोड़ लोगों को मिलेगा।

केंद्र सरकार ने पिछले साल की तरह इस बार भी पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त अनाज देने का निर्णय लिया है। मई और जून तक प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज करीब 80 करोड़ लोगों को मिलेगा। यह निर्णय केंद्र सरकार ने लिया है। 
केंद्र सरकार के उच्चस्तरीय अधिकारियों ने बताया कि कोरोना महामारी के दौर में गरीबों की समस्याओं को देखते हुए करीब 80 करोड़ लोगों को पिछले साल की तरह मुफ्त अनाज देने का निर्णय हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर यह निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि जब देश कोरोना वायरस की दूसरी लहर का सामना कर रहा है, तब गरीबों के पोषण का ख्याल रखना सरकार की जिम्मेदारी है। 
मई और जून में गरीबों को प्रति व्यक्ति पांच किलो की दर से राशन देने पर केंद्र सरकार की ओर से 26,000 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि खर्च की जाएगी। बता दें कि पिछले साल लॉकडाउन के दौरान भी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन मिला था। 
स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को अद्यतन किये गये आंकड़ों के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 3,32,730 नए मामले दर्ज किये गये जिससे देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,62,63,695 हो गयी है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक रोजाना के मामले 67,013 दर्ज किये गये। 
इसके बाद उत्तर प्रदेश में 34,254 मामले जबकि केरल में संक्रमण के 26,995 नए मामले दर्ज किये गये। भारत में वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 24,28,616 है जो देश में संक्रमण के कुल मामलों का 14.93 प्रतिशत है। एक दिन में कोविड-19 के कुल उपचाराधीन मामलों में रिकॉर्ड 1,37,188 मामलों की वृद्धि हुई है। 
भारत में कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या का 59.12 प्रतिशत मामला पांच राज्यों – महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल से है। मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली और 11 राज्य – महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, केरल, गुजरात, तमिलनाडु, राजस्थान, बिहार और पश्चिम बंगाल में संक्रमण के रोजाना के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। 
देश में पिछले 24 घंटे में 1,93,279 मरीजों के ठीक होने के साथ स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 1,36,48,159 हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर मृत्यु दर 1.15 प्रतिशत है। देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से कुल 2,263 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण से मौत के नए मामलों में 81.79 प्रतिशत मामले दिल्ली और नौ राज्यों से हैं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक मौत (568) हुई है। इसके बाद दिल्ली में 306 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। 

Desk Team