नई दिल्ली : सीएनजी गाड़ियों पर चलनेवालों के लिए यह ख़बर झटका देनेवाली है। राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी के दाम 1.36 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लि. (आईजीएल) ने बयान में कहा कि रुपये में गिरावट तथा प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से कच्चे माल की लागत बढ़ी है जिसकी वजह से यह कदम उठाना पड़ा है।
सोमवार मध्यरात्रि से दिल्ली में सीएनजी 41.97 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी। वहीं दिल्ली के आसपास के इलाकों नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत 1.55 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि के साथ 48.60 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। आईजीएल ने कहा कि उत्पादन लागत में वृद्धि की वजह से सीएनजी कीमतों में बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी।
आईजीएल ने कहा कि रात 12:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक कुछ चुनिंदा आउटलेट्स पर सीएनजी के बिक्री मूल्य में 1.50 रुपये प्रति किलोग्राम की छूट जारी रहेगी। इस तरह रात 12:30 बजे से सुबह 5.30 बजे तक दिल्ली में सीएनजी की कीमत 40.47 रुपये और नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 47.10 रुपये किलोग्राम रहेगी। पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) की कीमतों में संशोधन नहीं किया गया है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



