पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उनके स्मारक सदैव अटल पर एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और वाजपेयी के परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने भजन और भक्ति संगीत के बीच दिवंगत भाजपा नेता को श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि सदैव अटल स्मारक पिछले साल दिसंबर में राष्ट्र को समर्पित किया गया था। इसके मध्य में काले रंग के ग्रेनाइट पत्थर से वाजपेयी की समाधि बनाई गई है और बीच में एक दीया रखा गया है। हवा से बचाने के लिए इस दीये को थोड़ी ऊंचाई पर ढक दिया गया है।
भाजपा ने अपने महान दिवंगत नेता को किया याद
वही, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने महान नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, “भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष, असंख्य कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक एवं हमारे प्रेरणा ह्मोत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि।”

पार्टी ने एक वीडियो के साथ अन्य ट्वीट में कहा, “मां भारती को विश्व में गौरवान्वित करने वाले श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि।” भाजपा ने अपने दिग्गज नेता द्वारा लिखी गईं कुछ कविताएं भी पोस्ट कीं। “भारत जमीन का टुकड़ा नहीं, जीता जागता राष्ट्रपुरुष है। इसका कंकर-कंकर शंकर है, इसका बिन्दु-बिन्दु गंगाजल है। हम जियेंगे तो इसके लिये मरेंगे तो इसके लिये।”
मां भारती को विश्व में गौरवान्वित करने वाले श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि। pic.twitter.com/PsD9Q8pN20
— BJP (@BJP4India) August 16, 2019
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गत वर्ष 16 अगस्त को निधन हो गया था। वाजपेयी पहली बार 1996 में 13 दिनों के लिए प्रधानमंत्री बने और उसके बाद वह 1998-2004 के बीच दो बार प्रधानमंत्री बने।


Download Android App
Download iOS App



