शिवपुरी : मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक एटीएम पर लूट की नीयत से आए चार बदमाशों ने वहां पहुंचे दो पुलिस आरक्षकों पर हमला कर दिया। कल रात हुए इस मामले में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि दोनों आरक्षकों ने एटीएम को लुटने से बचा लिया। कोलारस पुलिस सूत्रों ने बताया कि मानीपुरा क्षेत्र में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित एक एटीएम को कल रात कार सवार चार लुटेरों ने लूटने का प्रयास किया।
इतने में वहां दो पुलिस आरक्षक पहुंच गए। बदमाशों ने आरक्षकों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे ने बताया कि दोनों आरक्षकों की सजगता और बहादुरी के कारण एटीएम लुटने से बच गया।
लुटेरों का यह कोई संगठित गिरोह था। मौके से पुलिस ने गैस कटर समेत अन्य सामान बरामद किया है, जो एटीएम काटने के काम आता है। सब सामान मौके पर छोड़कर बदमाश भाग गए थे। उन्होंने बताया कि गंभीर घायल आरक्षक सुनील बंसल की ग्वालियर में हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



