लॉकडाउन 5.0 शुरू होने से पहले कांग्रेस ने सरकार से देश को आगे की योजना बताने को कहा

Summary :

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, एक दिन में रिकॉर्ड सबसे ज्यादा 8380 कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर एक लाख 82 हजार 490 तक पहुंच गई।

देशभर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमितों की संख्या दिन पर दिन लगातार बढ़ती जा रही है। वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी लॉकडाउन 4.0 का आज अंतिम दिन है। इस बीच,  राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन 4.0 के अंतिम दिन कांग्रेस ने कोरोना वायरस संक्रमण को नियंत्रित करने की सरकार की रणनीति एवं योजना और अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए लॉकडाउन से बाहर निकलने के मार्ग और आगे बढ़ने के तरीके पर सरकार से सवाल किया। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, एक दिन में रिकॉर्ड सबसे ज्यादा 8380 कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर एक लाख 82 हजार 490 तक पहुंच गई।
सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर कई सवाल दागे। उन्होंने कहा, कल (सोमवार) से लॉकडाउन 5.0 शुरू हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस सरकार से चार सवाल सरकार से पूछ रही है- सरकार की रणनीति क्या है? क्या लॉकडाउन फेल हो गया है? क्या कोरोना वायरस से निपटने के लिए कोई खाका (ब्लूप्रिंट) है? क्या आर्थिक संकट से बाहर निकलने के लिए कोई योजना है? पार्टी 25 मार्च से लागू लॉकडाउन को बिना किसी निकास योजना (एक्जिट प्लान) के जारी रखने पर सवाल उठा रही है।
केंद्र ने शनिवार को 68 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन से बाहर निकलने की घोषणा की और अब केवल कंटेनमेंट जोन में ही 30 जून तक यह लागू रहेगा। इन क्षेत्रों के बाहर विभिन्न गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा। राष्ट्रव्यापी बंद 4.0 के खत्म होने से एक दिन पहले गृह मंत्रालय (एमएचए) द्वारा सोमवार एक जून से लागू होने वाले ताजा दिशानिर्देश जारी किए। कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए मोदी सरकार ने पहली बार 25 मार्च को 21 दिन के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन का एलान किया था। इसके बाद 15 अप्रैल को लॉकडाउन 2.0 लागू किया गया। चार मई को लॉकडाउन 3.0 और फिर 18 मई को लॉकडाउन 4.0 की घोषणा की गई। अब सरकार ने एक जून से लॉकडाउन 5.0 की घोषणा की है।

Desk Team