कांग्रेस ने डीजल और पेट्रोल के दाम पांच साल में सबसे अधिक पहुंचने पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि मोदी सरकार को तेल से हुई कमाई का इस्तेमाल चुनाव जीतने और सरकार बनाने के लिए करने की बजाय तेल कीमतें नियंत्रित करने और आम जनता को फायदा पहुंचाने के लिए करना चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने पत्रकारों से कहा कि देश में महंगाई आसमान छू रही है और पेट्रोल तथा डीजल के दाम पांच साल में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। सरकार ने इन चार सालों के दौरान ईंधन तेल से जमकर कमाई की है। मोदी सरकार को इस कमाई का इस्तेमाल कर्नाटक में सरकार बनाने के वास्ते विधायकों की खरीद करने जैसे कार्यों की बजाय आम लोगों के हित में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने तेल से कर के रूप में अब तक दस लाख करोड़ रुपए अर्जित किए हैं। इसी पैसे के बल पर वह लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कमाई का फायदा आम लोगों को भी मिलना चाहिए और तेल की कीमतें घटाई जानी चाहिए।
प्रवक्ता ने कर्मचारी चयन आयोग में नियमों का उल्लंघन करके इसका अध्यक्ष नियुक्त करने का भी सरकार पर आरोप लगाया और कहा कि गुजरात कैडर के जिस अधिकारी को दंडित किया जाना चाहिए उसको सेवा विस्तार देने के लिए मोदी सरकान ने नियम बदले हैं और युवाओं के साथ खिलवाड़ किया है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



