ग्वालियर : मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण कदम है। यह योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कई योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान करेगी। इसलिए कोई भी पात्र हितग्राही पंजीयन से वंचित न रहे। यह बात कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा ने संबंधित अधिकारियों से कही।
कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि कैम्प के माध्यम से पंजीयन व सत्यापन कार्य समय पर पूरा किया जाए। नगर निगम, विभिन्न नगरीय निकायों व जनपद के अधिकारी पंजीयन कार्य में लापरवाही न बरतें। अन्यथा कार्य में रूचि न लेने वाले के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने नगर परिषद बिलौआ के सीएमओ को नोटस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर वर्मा ने एसडीएम एच बी शर्मा से कहा कि नगरीय निकायों की योजनाओं की मॉनीटरिंग करें और लक्ष्य के विरूद्ध बहुत कम प्रगति होने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई भी करें। उन्होंने सभी तहसीलदारों को भी निर्देश दिए कि भूमिहीन व्यक्तियों का डोर-टू-डोर सर्वे कराया जाए।
ताकि पट्टे वितरण का काम समय पर किया जा सके। वर्मा ने आधार पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा तथा विधवा पेंशन एवं उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक को स्वरोजगार योजना की जानकारी सभी विभागों के समन्वय से एकत्रित कर बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हैल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन अपने अधीनस्थों के कार्य की मॉनीटरिंग करें। सभी अधिकारी शिकायतों को स्वयं देखें और समय पर निराकरण करें। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, एडीएम शिवराज वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



