केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा है कि उनके मंत्रालय ने जम्मू और कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल प्रदेश में चंबा के रास्ते भद्रवाह के लिए बेहतर सड़क संपर्क के वास्ते एनएचएआई को एक प्रस्ताव भेजा है। पटेल ने यह भी कहा कि यह क्षेत्र साहसिक खेलों के लिए एकदम सही जगह है। हाल ही में पटेल ने स्मार्ट सिटी फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए डोडा जिले में स्थित शहर का दौरा किया था।
उन्होंने कहा कि वह एक खूबसूरत क्षेत्र है और हमें सड़क मार्ग के निर्माण और अन्य सेवाएं शुरू करने के लिए उनकी ओर से मांग मिली है। वह साइकिल ट्रैक के लिए भी एक अच्छा स्थान हो सकता है। पटेल ने कहा कि हमने पहले ही चंबा के रास्ते क्षेत्र से संपर्क के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को प्रस्ताव दिया है।
सूत्रों ने कहा कि घाटी के आसपास के क्षेत्रों को विकसित करने का विचार है ताकि उनकी अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ावा मिल सके। पटेल ने कहा कि पर्यटन यहां के ज्यादातर लोगों का मुख्य आधार है, उन्हें इस तरह के अवसर प्रदान करने से यह सुनिश्चित होगा कि वे पीछे नहीं रह जाएं। भद्रवाह में तीन दिवसीय सांस्कृतिक समारोह में मंत्री शामिल हुए। समारोह में युवा कलाकारों ने 25 से अधिक कार्यक्रम पेश किए। स्मार्ट सिटी फाउंडेशन से संबद्ध भारती फोतेदार ने कहा कि हमारा ध्यान स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमशीलता के अधिक मौकों के जरिए दूरस्थ इलाके के सतत विकास पर है।


Download Android App
Download iOS App



