भारत टेक्स 2026: दूसरे दिन राज्य स्तरीय अवसरों और वैश्विक व्यापार साझेदारियों पर रहा फोकस

Summary :

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारत टेक्स 2026 के दूसरे दिन राज्य-आधारित विकास, निवेश के अवसरों और वैश्विक बाजारों के साथ भारत की बढ़ती वस्त्र व्यापार साझेदारियों पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकारों, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और व्यापार विशेषज्ञों ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र को मजबूत बनाने, निवेश आकर्षित करने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। 14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 भारत की समृद्ध वस्त्र विरासत, विनिर्माण क्षमता, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक अवसरों को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख मंच बनकर उभरा है। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य…

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारत टेक्स 2026 के दूसरे दिन राज्य-आधारित विकास, निवेश के अवसरों और वैश्विक बाजारों के साथ भारत की बढ़ती वस्त्र व्यापार साझेदारियों पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकारों, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और व्यापार विशेषज्ञों ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र को मजबूत बनाने, निवेश आकर्षित करने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।

14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 भारत की समृद्ध वस्त्र विरासत, विनिर्माण क्षमता, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक अवसरों को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख मंच बनकर उभरा है।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सत्र प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें राज्य के तेजी से विकसित हो रहे वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र और विनिर्माण, परिधान, हथकरघा तथा हस्तशिल्प क्षेत्र में मौजूद अवसरों को प्रदर्शित किया गया। इस सत्र में उत्तर प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री राकेश सचान और स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री रविन्द्र जायसवाल शामिल हुए।

वहीं, कर्नाटक राज्य सत्र में राज्य की मजबूत औद्योगिक क्षमता और वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों को रेखांकित किया गया।

महाराष्ट्र सरकार ने “महाराष्ट्र: भारत में तकनीकी वस्त्रों के लिए एक आकर्षक वैश्विक गंतव्य” विषय पर सत्र आयोजित किया। इसमें राज्य के वस्त्र मंत्री संजय सावकारे ने तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में महाराष्ट्र की संभावनाओं और निवेश अवसरों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दूसरे दिन मुक्त व्यापार समझौतों और वैश्विक व्यापार को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए।

आईटीएमएफ और एसोचैम द्वारा आयोजित सत्र “तालमेल के माध्यम से विस्तार” में भारतीय कंपनियों को वैश्विक वस्त्र मूल्य शृंखलाओं से जोड़ने और घरेलू क्षमताओं को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

डेलॉयट द्वारा आयोजित गोलमेज बैठक ‘भारत का एफटीए अवसर’ में यह विचार किया गया कि भारत के मुक्त व्यापार समझौते वस्त्र और परिधान उद्योग के लिए नए बाजार और अवसर कैसे खोल सकते हैं।

प्रख्यात फैशन डिजाइनर राहुल मिश्रा और वैशाली शाडांगुले ने ‘इंडियन ब्रांड्स, ग्लोबल एम्बिशन्स’ विषय पर आयोजित विशेष सत्र में हिस्सा लिया। इसमें भारतीय ब्रांडों के वैश्विक विस्तार और रिटेल ग्रोथ पर चर्चा की गई।

इसके अलावा, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान ने ‘भारत से वैश्विक फैशन उद्यमों का निर्माण’ विषय पर विशेष संवाद का आयोजन किया, जिसमें नवाचार, स्थिरता और विस्तार की संभावनाओं पर विचार साझा किए गए।

डेलॉयट द्वारा आयोजित ‘भारत-ब्रिटेन सीईटीए का क्रियान्वयन’ विषयक मंत्रिस्तरीय चर्चा में भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते से मिलने वाले अवसरों पर विचार किया गया। चर्चा में वस्त्र व्यापार, निवेश और कारोबारी साझेदारियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सीआईटीआई टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड्स 2026 भी आयोजित किए गए। इन पुरस्कारों के माध्यम से संसाधन दक्षता, ऊर्जा एवं उत्सर्जन प्रबंधन, चक्रीय अर्थव्यवस्था, सतत सामग्री, सामाजिक उत्तरदायित्व, जिम्मेदार व्यवसाय और उद्योग सहयोग जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठनों को सम्मानित किया गया।

आयोजकों के अनुसार, भारत टेक्स 2026 के तीसरे दिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश पवेलियन का दौरा करेंगे। इस दौरान वे प्रदर्शकों और उद्यमियों से संवाद करेंगे तथा राज्य की वस्त्र क्षेत्र में उपलब्धियों और संभावनाओं का अवलोकन करेंगे।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk