बिहार में शुक्रवार को कारोबारी की हत्या कर भाग रहे बदमाश को भीड़ ने पुलिस हिरासत से छुड़ाकर बालकनी से फेंक दिया। इसके बाद उसे पीटते हुए जिंदा जलाने का प्रयास किया। इस अराजकता के बीच पुलिस ने उग्र भीड़ को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों को भागकर जान बचानी पड़ी। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और चार बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। डीएसपी समेत 12 पुलिसकर्मियों जख्मी हुए।
बिहारशरीफ जिले के एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि उपद्रव में शामिल 9 लोगों को हिरासत में लिया है और स्थिति नियंत्रण में है। आरोपी रजनीकांत सिन्हा का इलाज चल रहा है। सुबह करीब नौ बजे चार बदमाशों ने कारोबारी दिवाकर को गोली मारी थी। इसके बाद लोगों ने उनका पीछाकर एक को पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। इसबीच, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को कब्जे में ले लिया। इससे गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस और लोगों के टकराव के बीच रजनीकांत भागकर एक घर में छिप गया। बाद में कुछ लोग दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और उसे दोबारा लाठी-डंडों से पीटने लगे।


Download Android App
Download iOS App



