राजगीर, 15 जून (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में चोरी के शक में लोगों द्वारा पकड़े गए दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के राजगीर थाना को सूचना मिली कि झुनकिया बाबा के समीप दो व्यक्तियों को कथित रूप से चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। सूचना मिलते ही थाना की गश्ती टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले, जिन्हें स्थानीय लोगों ने पकड़कर रखा था।
पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए दोनों घायलों को उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, राजगीर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए इलाज के लिए उन्हें पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। हालांकि, प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएमसीएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी पिंटू कुमार तथा श्रवण कुमार के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जाते हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों युवक किन परिस्थितियों में घायल हुए और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले से संबंधित सभी तथ्यों को एकत्र किया जा रहा है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद मृतकों के गांव गंजपर में शोक का माहौल है।
–आईएएनएस
एमएनपी/एसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























