मधुबनी, 9 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। हादसा बेनीपट्टी स्टेट हाईवे पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब महिलाएं मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौट रही थीं।
इसी दौरान एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान धकजरी गांव के नवटोली निवासी रीता देवी (42), किरण देवी (40) और फूलदाई देवी (70) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाओं का एक समूह रोजाना की तरह रविवार सुबह भी मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। करीब छह बजे मॉर्निंग वॉक के बाद महिलाएं घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे कुछ महिलाएं थककर बैठ गई थीं। इसी दौरान रहिका से बेनीपट्टी की ओर जा रहे एक काले रंग के अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
जगदंबा पेट्रोल पंप के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी परिजनों तथा ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार वाहन चालक की तलाश में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद नवटोली गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
–आईएएनएस
एमएनपी/वीकेयू
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



