नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली पहुंचे हैं, जहां केंद्रीय नेताओं के साथ मुलाकात का सिलसिला जारी है। उन्होंने रविवार को बिहार से आने वाले कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली में रविवार को बिहार एनडीए के नेताओं में शामिल जीतन राम मांझी, ललन सिंह और नित्यानंद राय से मिले। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें भी शेयर की हैं।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मिलने के बाद उन्होंने पोस्ट में लिखा, “नई दिल्ली में आत्मीय भेंट और सार्थक मुलाकात हुई। इस दौरान ‘विकसित भारत, समृद्ध बिहार’ के विजन को लेकर सकारात्मक और परिणामोन्मुखी चर्चा हुई।”
केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता ललन सिंह से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “बिहार से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई और राज्य के समग्र विकास को गति देने के लिए सहयोग व समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया।”
वहीं, सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से मिलने के बाद इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया। इससे पहले, सम्राट चौधरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली दौरे पर आए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जल्द केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर सकते हैं। सभी बैठकों के पूरा होने के बाद वे रविवार को ही पटना वापस लौटेंगे। माना जा रहा है कि दिल्ली की बैठक के बाद ही नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।
गौरतलब है कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होना बाकी है। 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। वे राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)






















