नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेताओं ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया है। भाजपा के नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की लगातार प्रचंड जीत हो रही है।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर मीडिया से बात करते हुए कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बहुत-बहुत बधाई। बिहार की जनता को इस राज्यसभा चुनाव में क्लीन स्वीप की बहुत-बहुत बधाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर इस देश का जो विश्वास है, ये उसी का परिणाम है।”
उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता जो देशविरोधी रवैया अपना रहे हैं, खासकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, उसके बाद ये नतीजे दिखाते हैं कि खुद उनका कार्यकर्ता उनसे रूठा हुआ है।”
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, “सभी लोगों ने अंतरात्मा से वोट दिया है। कांग्रेस क्या कर रही है, क्या नहीं कर रही है, हमें उससे मतलब नहीं है, लेकिन आज सबका भरोसा प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए में है।”
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “एनडीए की ओर से क्लीन स्वीप देश में हो रहा है। राहुल ‘बाबा’ के रहते देश में यही हाल होने वाला है। वे पूरी दुनिया की बातें करते हैं, लेकिन उनसे अपनी पार्टी नहीं संभाली जाती। आज देश के लोगों ने बताया है कि देश का विश्वास किसमें है।”
उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि जब से कमान पीएम मोदी के हाथों में आई है तब से देश का विकास हुआ है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जो बिहार से आते हैं, उनके आने से एक अलग ही माहौल बना है। कार्यकर्ताओं के अंदर उत्साह है।”
भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, “ये चुनाव है। चुनाव में व्यक्ति को अपनी मर्जी से वोट डालने का अधिकार है। यदि कोई पार्टी अपने दल के विधायकों को नहीं संभाल पा रही या विधायकों की मनःस्थिति ऐसी नहीं है कि वे अपने नेतृत्व के साथ जाने के लिए तैयार नहीं हैं, तो हम इसमें कुछ नहीं कर सकते। अन्य दलों के नेताओं ने हमारे दल के उम्मीदवारों को वोट दिया, इसे राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में देखना चाहिए।”
दिल्ली सरकार के मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, “क्लीन स्वीप होना ही था। ये पूरा देश सनातनी है और सनातनी ही रहेगा। अब इसके बाद बंगाल की बारी है।”
दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा, “देश में विभिन्न जगहों पर एनडीए का आगे बढ़ना यह सरकार की नीतियों और हमारे नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाता है।”
–आईएएनएस
एसएके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



