Bisleri के पानी का सैंपल जांच में हुआ फेल, FSSAI ने दी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी, अब कंपनी ने दी सफाई

Summary :

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने प्रसिद्ध बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड पर शिकंजा कसा है। कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड पानी के सैंपल में तय मात्रा से अधिक ब्रोमेट पाया गया, जिसके बाद पानी को असुरक्षित घोषित कर दिया गया।

पानी बेचने वाली फेमस बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड पर FSSAI ने शिकंजा कसा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के परिसर से पैकेट में बिकने वाले पानी का सैंपल लिया था, जिसमें तय मात्रा से ज्यादा ब्रोमेट पाया गया। इसके बाद उसके पानी को असुरक्षित घोषित कर दिया गया। रविवार को FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने को मंजूरी दे दी है। हालांकि अब बिसलेरी की तरफ से सफाई दी गई है, आइए जानते हैं कंपनी ने क्या कहा।

दो बार जांच में फेल हुआ सैंपल

आपको बता दें कि FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर काएक सैंपल लिया था। जब इसे जांच के लिए लैब भेजा गया, तो इसमें तय मात्रा से ज्यादा ब्रोमेट पाया गया। इसे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (FSS) एक्ट, 2006 के तहत असुरक्षित बताया गया। इसके बाद कंपनी ने दोबारा जांच करने की अपील की। फिर सैंपल लेकर जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, वहां भी ये असुरक्षित पाया गया। इस पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAHs मिले। IARC और US EPA बताती हैं कि ब्रोमेट से कैंसर का खतरा हो सकता है। इसी आधार पर लैब रिपोर्ट्स के बाद FSSAI ने कंपनी पर केस करने की मंजूरी दे दी।

’14 महीने पुराना है मामला’- बिसलेरी

FSSAI के आरोपों के बाद अपना पक्ष रखते हुए बिसलेरी ने सफाई दी है। बिसलेरी का कहना है कि यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में बिसलेरी की गोवा स्थित निर्माण इकाई में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को, FSSAI ने गोवा इकाई से छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पाया गया कि पांच सैंपल सभी निर्धारित मानकों को पूरा करते थे। छठे सैंपल में ब्रोमेट का लेवल 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। 22 नवंबर 2025 को बिसलेरी द्वारा की गई अपील के बाद, FSSAI ने उस सैंपल को दोबारा जांच के लिए एक रेफरल लैब में भेजा।

रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अंदर मिली, लेकिन उसी सैंपल में पॉलीक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाया गया। दोनों रिपोर्ट्स में फर्क होने की वजह से बिसलेरी को लगा कि इस पर सफाई देना जरूरी है। इसलिए बिसलेरी ने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक दूसरी लैब में करवाई, जिसमें भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अंदर ही निकली।

ईमेल या कागज पर कोई नोटिस नहीं मिला

बिसलेरी का कहना है कि हमने 2 फरवरी 2026 को एक चिट्ठी के साथ अपनी जांच की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी ऑफिस को दे दी थी। उसके बाद FSSAI से कोई जवाब नहीं आया, तो बिसलेरी ने मान लिया कि अब यह मामला खत्म हो गया है। आज तक उन्हें न तो ईमेल या कागज पर कोई नोटिस मिला है और न ही वेबसाइट पर ऐसा कुछ दिखा है।

कंपनी ने कहा, “पीने ​​के पानी की सेफ्टी बिसलेरी के लिए प्रायोरिटी है। हम अपने 10-स्टेप मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से ज़्यादा टेस्ट के कड़े क्वालिटी कंट्रोल बनाए रखते हैं और सही रेगुलेटरी प्रोसेस के ज़रिए इस मामले को सुलझाने के लिए FSSAI के साथ कोऑपरेट करते रहेंगे। सालों से एक भरोसेमंद ब्रांड, बिसलेरी पीने के लिए सेफ बना हुआ है।”

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।