भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को गुजरात में सात और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिसमें रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश समेत पांच मौजूदा सांसदों को हटाकर नए चेहरों को प्रत्याशी बनाया गया है। गुजरात में लोकसभा की 26 सीट हैं।
भाजपा ने दो मार्च को गुजरात की 15 लोकसभा सीटों समेत 195 सीट पर उम्मीदवार घोषित किए थे। पिछली बार भाजपा ने राज्य की सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। नयी दिल्ली में 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी होने के बाद अब गुजरात की शेष चार सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा होनी बाकी है। तीन बार की सांसद जरदोश की जगह पार्टी ने सूरत लोकसभा सीट से मुकेश दलाल को उम्मीदवार बनाया है। दलाल (63) भाजपा शासित सूरत नगर निगम की स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष थे और फिलहाल पार्टी की सूरत शहर इकाई के महासचिव हैं। जिन चार अन्य मौजूदा सांसदों का टिकट काटा गया है, उनमें साबरकांठा के दीपसिंह राठौड़, वलसाड के केसी पटेल, भावनगर की भारतीबेन शियाल और छोटा उदेपुर की गीताबेन राठवा शामिल हैं। जिन दो मौजूदा सांसदों को पार्टी ने फिर से उम्मीदवार बनाया है, उनमें वडोदरा की रंजनबेन भट्ट और अहमदाबाद-पूर्व के हसमुख पटेल शामिल हैं। भाजपा ने साबरकांठा से भीकाजी ठाकोर, भावनगर से नीमूबेन बंभानिया, वलसाड से दलाल पटेल और छोटा उदेपुर से धवल पटेल को उम्मीदवार बनाया है। लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई में होने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



