लखनऊ, 2 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 3 नवंबर को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर पदयात्राएं निकाली जाएंगी। लखनऊ में छह स्थानों पर प्रस्तावित पदयात्राओं को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के 22 मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया है।
इसके तहत हजरतगंज से रॉयल होटल तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। इन पदयात्राओं में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के अलावा संतों, महात्माओं, व्यापारियों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों और सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
यातायात पुलिस की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार, पदयात्राओं के दौरान संबंधित मार्गों पर आवश्यकतानुसार यातायात प्रतिबंधित और परिवर्तित किया जाएगा। हजरतगंज चौराहे से रॉयल होटल चौराहे की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा। डायवर्जन के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
किसी भी आपात स्थिति में एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंधों के बावजूद रास्ता दिया जाएगा। यातायात संबंधी किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए यातायात नियंत्रण नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


