BJP नेता अर्जुन सिंह का CM ममता पर हमला, कहा- फर्जी वोटिंग और हत्या Bengal की परंपरा

Summary :

Bengal में फर्जी वोटिंग और विरोधियों की हत्या चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बन चुकी है

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने बात करते हुए ममता बनर्जी पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने ममता बनर्जी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने दिल्ली और महाराष्ट्र में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया था। इसके अलावा, उन्होंने दुर्गा पूजा की छुट्टियों को लेकर चल रहे घमासान पर भी प्रतिक्रिया दी।

सीएम ममता की ओर से दिल्ली और महाराष्ट्र में फर्जी वोटिंग को लेकर लगाए गए आरोपों पर अर्जुन सिंह ने कहा कि जब ममता बनर्जी दूसरे राज्यों में फर्जी वोटिंग की बात करती हैं, तो क्या बंगाल में फर्जी वोटिंग की बात नहीं होती? बंगाल में तो फर्जी वोटिंग, जबरन मतदान और विरोधियों की हत्या चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बन चुकी है। इस राज्य में यह सब ममता बनर्जी की पार्टी की सरपरस्ती में होता है। वह इसे बंगाल की परंपरा बताती हैं। यह सिर्फ बंगाल में होता है, जहां चुनावों के पहले, दौरान और बाद में लोगों की हत्याएं होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में यह पूरी प्रक्रिया अब आम हो गई है।

इसके अलावा, उन्होंने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) द्वारा छुट्टियों की अधिसूचना को लेकर जारी आदेश और भाजपा नेता अमित मालवीय द्वारा इसे अपमानजनक और विभाजनकारी बताए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। अर्जुन सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कभी भी कुछ भी कह सकती हैं। बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान छुट्टियां तो पहले से ही होती हैं। महालया से लेकर भाई दूज तक लोग छुट्टियां मनाते हैं। उन्होंने जो नया काम किया है, वह यह है कि वह मृत मूर्तियों की नुमाइश कराती हैं, जिससे उन्हें और उनके भतीजे को फायदा मिलता है। महाराष्ट्र में गणेश पूजा के दौरान और दक्षिण भारत में पोंगल के समय भी 10 दिन की छुट्टियां होती हैं, तो इसमें कुछ नया नहीं है।

बता दें कि इससे पहले, अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एमसीडी के नोटिफिकेशन को शेयर करते हुए लिखा था कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की इस्लामिक खिलाफत में आपका स्वागत है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर धार्मिक तुष्टिकरण का आरोप लगाया और कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने हिंदू छुट्टी को हटाने का आदेश दिया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.