इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के बयान ‘चीन को दुश्मन नहीं समझना चाहिए पर भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने जोरदार निशाना साधा है। भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा, “राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा कांग्रेस के पतन के पीछे के कारणों में से एक हैं। सैम पित्रोदा समय-समय पर ऐसे बयान देते रहे हैं। चीन को लेकर जो उनका बयान है, वह दिखाता है कि वह चीन को अपना हितेषी बताना चाहते हैं। मुझे लगता है कि उनके बयानों से एक बात तो साफ हो रही है कि दाल में कुछ काला है।
वहीं, दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के बजट पर भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा, “जब भी कोई सरकार बनती है, तो वह अपने घोषणापत्र के आधार पर काम करती है। नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार ने कई वादे किए हैं। अब बजट सत्र में उनकी योजनाओं का खुलासा होगा। यह इस बात की परीक्षा है कि क्या वे लोगों से किए गए वादों को पूरा करते हैं, खासकर मुफ्त लाभ प्रदान करने का आश्वासन दिया गया था। मैं समझता हूं कि विकास के जो मुद्दे हैं, उन्हें नहीं रोका जाना चाहिए। विकास कार्यों में कितना खर्चा होना है, एक बैलेंस बनाकर सरकार को चलना चाहिए। बजट सत्र में सारी चीजें सामने होंगी।”
जम्मू-कश्मीर में शराबबंदी पर उन्होंने कहा कि बिहार और गुजरात जैसे राज्यों में पहले से ही शराबबंदी नीतियां हैं। वहां भी सरकार चल रही है। लोगों के काम करने के लिए इनके पास कौन सी इनकम है, वह बताएं, फिर इस शराबबंदी पर बात करेंगे। बता दें कि सैम पित्रोदा ने भारत-चीन संबंधों पर कहा कि भारत को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है और यह धारणा छोड़ने की जरूरत है कि चीन दुश्मन है।
उन्होंने कहा कि भारत का दृष्टिकोण हमेशा से टकराव वाला रहा है, जो दुश्मनी पैदा करता है, सोचने का यह तरीका बदलना चाहिए, यह जरूरी नहीं कि हम हमेशा चीन को दुश्मन मानें और यह सिर्फ चीन के लिए नहीं बल्कि सभी के लिए होना चाहिए। सैम पित्रोदा ने कहा, “मुझे नहीं पता कि चीन से क्या खतरा है। मुझे लगता है कि इस मुद्दे को अक्सर जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, क्योंकि अमेरिका को हमेशा दुश्मन की पहचान करनी होती है।”


Download Android App
Download iOS App



