भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस पर महामारी के समय ‘‘झूठ की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे केंद्र सरकार स्पष्ट नीति और मुख्यमंत्रियों से सलाह मश्विरा कर कोविड-19 का प्रभावी मुकाबला कर रही है। कांग्रेस ने महामारी के प्रबंधन के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री पर निशाना साधा था। इसके जवाब में भाजपा ने कहा कि विपक्षी कांग्रेस क्या कहती है और क्या करती है, उसमें निरंतरता का अभाव है।
डिजिटल माध्यम से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि पिछले साल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था लॉकडाउन समाधान नहीं है लेकिन अब वह और उनकी पार्टी राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू करने की वकालत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “महामारी के इस काल में कांग्रेस के रवैये में एकरूपता नहीं रही है। वह चाहे टीका हो, लॉकडाउन हो या फिर कोई अन्य मुद्दा। संकट के इस समय में कांग्रेस लोगों को गुमराह करने के लिए झूठ की राजनीति कर रही है।”
उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित टीकों को लेकर कांग्रेस के रवैये से पता चला कि वह वैज्ञानिकों, चिकित्सकों और अन्वेषकों पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान जिस प्रकार नीतिगत संकट था, वैसा मोदी सरकार में नहीं है बल्कि इसके विपरीत मोदी सरकार एक स्पष्ट नीति के साथ और मुख्यमंत्रियों की सलाह आगे बढ़ रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार की नीति थी कि सबसे पहले कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण किया जाए लेकिन यदि कांग्रेस सत्ता में होती तो सबसे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को टीका लगता।


Download Android App
Download iOS App



